✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। जिले के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मी मार्केट के पास समोसा ठंडा होने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दो युवकों ने मिलकर एक युवक पर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर दिया। मामले में सुपेला पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना 22 अगस्त 2026 की रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रार्थिया अर्चना नेवारे के पुत्र हिमांशु का आरोपी योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छु और मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाउ से विवाद हुआ था। शराब पीने के दौरान समोसा ठंडा होने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों आरोपियों ने हिमांशु के साथ मारपीट की और फिर धारदार हथियार से उसके सिर, गर्दन, पेट, पीठ और कमर पर लगातार वार किए। हमले में हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल को उपचार के लिए पहले सुपेला और दुर्ग के अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर एम्स रेफर कर दिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा
घटना की शिकायत मिलने के बाद सुपेला पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए कृष्णा नगर क्षेत्र से योगेश्वर वर्मा और मनीष नोनहारे को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) और 3(5) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मामूली विवाद को हिंसक रूप न दें। किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!