Wednesday, September 30 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

सत्य निकेतन इमारत हादसे में दुर्ग के 20 वर्षीय छात्र की मौत, परिवार में पसरा मातम

State Head - Kishor
State Head - Kishor
28 Views 5 Min Read 0 Comments
सत्य निकेतन इमारत हादसे में दुर्ग के 20 वर्षीय छात्र की मौत, परिवार में पसरा मातम

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार

दिल्ली हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की खबर; तीन दिन पहले ही छुट्टी मनाकर दुर्ग से लौटा था युवराज

दुर्ग। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए भीषण इमारत हादसे ने दुर्ग के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में दुर्ग निवासी 20 वर्षीय युवराज सोनी की मौत हो गई। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग स्थित उसके परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

दोस्त से फोन पर बात कर रहा था युवराज 

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त युवराज अपने दोस्त आर्यन से मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहा था। दोनों दोस्त बाहर घूमने की योजना बना रहे थे। बातचीत के दौरान अचानक युवराज की आवाज आनी बंद हो गई।

आर्यन ने कई बार फोन पर 'हेलो-हेलो' कहकर युवराज से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। करीब एक मिनट बाद कॉल कट गई। दोबारा संपर्क नहीं होने पर आर्यन को चिंता हुई। इसी दौरान उसे सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की जानकारी मिली।

दोस्त घटनास्थल पर पहुंचा, फिर मिली दुखद खबर

युवराज की चिंता में आर्यन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। वहां मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चल रहा था। आर्यन लगातार युवराज के बारे में जानकारी जुटाता रहा।

कई घंटे की तलाश के बाद उसे पता चला कि युवराज की मौत हो चुकी है और उसका शव एम्स ट्रॉमा सेंटर में रखा गया है।

युवराज था परिवार का इकलौता बेटा

युवराज कन्हैया सोनी का इकलौता बेटा था। परिवार में माता-पिता और उसकी छोटी बहन है, जो 9वीं कक्षा में पढ़ती है। उसके पिता मेडिकल स्टोर चलाते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन दिल्ली रवाना हो गए और AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए।

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि प्रशासन ने परिवार से संपर्क किया है और दिल्ली में हरसंभव मदद के साथ शव को दुर्ग लाने की व्यवस्था का भरोसा दिया गया है।

31 अगस्त को दुर्ग से दिल्ली गया था युवराज

पड़ोसी टीपी ब्राह्मण के अनुसार, युवराज करीब एक साल से दिल्ली में पढ़ाई कर रहा था। वह राखी की छुट्टी मनाने दुर्ग आया था और 31 अगस्त को दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। 1 सितंबर को वह दिल्ली पहुंचा था। कुछ ही दिनों बाद उसकी मौत की खबर आने से परिवार और पूरे मोहल्ले में गहरा सदमा है।

पुरानी इमारत का हिस्सा गिरने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार दिल्ली के करोल बाग क्षेत्र में स्थित सत्य निकेतन की पुरानी इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। बताया गया कि इमारत के बेसमेंट में पानी भरा था और वहां मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान एक पिलर को नुकसान पहुंचने के बाद इमारत का हिस्सा गिर गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग मलबे में दब गए। दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे में फंसे लोगों की तलाश की गई।

हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि इमारत में कॉलेज के छात्र पीजी के तौर पर रहकर पढ़ाई करते थे।

युवराज की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पढ़ाई और बेहतर भविष्य के सपने लेकर दिल्ली गए 20 वर्षीय युवराज की जिंदगी एक दर्दनाक हादसे में हमेशा के लिए थम गई।

State Head - Kishor
Written by

State Head - Kishor

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in हादसा.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos