दो तरफ टेंडर,बीच में सागरपाली गायब!आखिर किसकी अनदेखी का शिकार हुआ व्यापारिक केंद्र?
नाली का काम भी अधूरा?
सरायपाली–सरसीवां मार्ग: 25 करोड़ की स्वीकृति का दावा, फिर भी सड़क बदहाल! आखिर कब बदलेगी तस्वीर?
40 किलोमीटर का सफर बना मुसीबत, वर्षों से चौड़ीकरण और उन्नयन की मांग; आंदोलन, ज्ञापन और आश्वासनों के बाद भी जनता को राहत का इंतजार
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
21/11/2026
देवराम चौहान
ब्लॉक रिपोर्टर
सरायपाली, महासमुंद
सरायपाली। सरायपाली से सरसीवां तक जाने वाला मार्ग आज क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बन चुका है। लगभग 40 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की जर्जर स्थिति से आम नागरिकों, व्यापारियों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह डामर उखड़ चुका है, बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और कई स्थानों पर सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक इस महत्वपूर्ण मार्ग का चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य धरातल पर नजर नहीं आ रहा है।
*आंदोलन से लेकर ज्ञापन तक, फिर भी नहीं बदली स्थिति*
सड़क की बदहाली को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा कई बार शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया। इसी क्रम में 26 मार्च को ग्राम सागरपाली के मुख्य चौक पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किए जाने की तैयारी के साथ संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया था। इस दौरान जनपद सदस्य संतोषी मुन्ना अग्रवाल, दिलीप पटेल, नरेंद्र पटेल, सुभाष पटेल, मुन्ना अग्रवाल, मुरली अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सड़क की समस्या को प्रमुखता से उठाया।
विधायक चातुरी नंद, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बसना तथा एसडीओ लोक निर्माण विभाग बसना को भी ज्ञापन सौंपकर मार्ग की दुर्दशा से अवगत कराया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मांग उठाने और आंदोलन करने के बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में अपेक्षित कार्यवाही नहीं हुई।
*25 करोड़ की स्वीकृति का दावा, आखिर धरातल पर काम कब?*
सरायपाली–सरसीवां मार्ग के चौड़ीकरण एवं उन्नयन को लेकर करीब 25 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने का दावा भी सामने आया है। वहीं, समाचार में उपलब्ध विभागीय पत्रों के अनुसार इस मार्ग के अलग-अलग हिस्सों के लिए बजट और स्वीकृति की प्रक्रिया का उल्लेख किया गया है।
पत्रों में पदमपुर–सरायपाली–सरसीवां राज्य मार्ग क्रमांक 16 के अंतर्गत 233 से 256/6 तक कुल 20.10 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं उन्नयन के लिए 2448.33 लाख रुपये की राशि का उल्लेख है। वहीं, अन्य विभागीय पत्र में 235 से 239 तथा 246 से 256/6 तक कुल 16 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं उन्नयन के प्रस्ताव को वित्त विभाग को भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
इसके अलावा स्थानीय लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 22 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजे जाने का भी उल्लेख किया गया है। ऐसे में अलग-अलग प्रस्तावों, बजट प्रावधानों और स्वीकृति संबंधी दावों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि वास्तविक निर्माण कार्य कब शुरू होगा और पूरी सड़क का कायाकल्प कब होगा?
*दोनों तरफ टेंडर,बीच में सागरपाली गायब!*
कुछ ग्रामीणों का कहना है कि सरायपाली से बिछिया और रोहिणा से डोंगरिपाली तक का रोड का टेंडर हो गया है बीच में सागरपाली छूट गया है व्यापारिक द्रष्टिकोण से सागरपाली महत्वपूर्ण स्थान है आखिर कार सागरपाली के साथ ऐसा सौतेला व्यवहार क्यों? जबकि इस रोड में अत्यंत जर्जर है जबकि बाकी जगह अच्छा है फिर भी सागरपाली के साथ ऐसा व्यवहार क्यों?
*वित्त मंत्री के आश्वासन के बाद भी इंतजार*
क्षेत्र में मंत्री ओपी चौधरी के आगमन के दौरान भी सरायपाली–सरसीवां मार्ग की बदहाल स्थिति से उन्हें अवगत कराया गया था। उन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया था, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक उस आश्वासन का अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दिया है।
*सागरपाली की अनदेखी पर भी उठ रहे सवाल*
सरायपाली से सरसीवां मार्ग क्षेत्र के व्यापारिक और आवागमन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यह मार्ग बिहार, झारखंड एवं उत्तरप्रदेश की ओर जाने वाले मार्गों से भी जुड़ता है। वर्षों से चौड़ीकरण और उन्नयन नहीं होने के कारण इस मार्ग पर सफर करना लोगों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि क्षेत्र के विकास कार्यों में सागरपाली जैसे महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। सड़क की बदहाली का सीधा असर व्यापार, किसानों की गतिविधियों और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं पर पड़ रहा है।
जनता का सीधा सवाल – घोषणा नहीं, अब निर्माण चाहिए!
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और श्रेय लेने की होड़ से ज्यादा जरूरी है कि स्वीकृति की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। यदि राशि स्वीकृत हो चुकी है तो टेंडर और निर्माण कार्य में देरी क्यों हो रही है? यदि अभी स्वीकृति की प्रक्रिया अधूरी है तो जनता को वास्तविक स्थिति क्यों नहीं बताई जा रही?
अब क्षेत्र की जनता शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जवाब चाहती है कि आखिर सरायपाली–सरसीवां मार्ग का चौड़ीकरण एवं उन्नयन कब शुरू होगा? लोगों को आश्वासन नहीं, बल्कि अच्छी और सुरक्षित सड़क चाहिए।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!