*हमर प्रदेश छत्तीसगढ़*
*दिनांक : 07/11/2026*
*किरण नायक*
*ब्लॉक रिपोर्टर, बसना, महासमुंद*
*सरायपाली - सागरपाली होकर सरसीवां मार्ग पर जगह-जगह बन गए हैं जानलेवा गड्ढे*
*सरायपाली।* शहर से सरसीवां मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन अत्यधिक प्रभावित हो रहा है। बीते दिनों हुई बारिश से स्थिति और भी गंभीर हो गई है। सड़क शहर के मध्य अग्रसेन चौक से पतेरापाली के साथ-साथ *सागरपाली*तक गड्ढों की वजह से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इन दिनों सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को जान पर खेलकर आना-जाना पड़ रहा है। अनेक शिकायतों के बाद भी सड़क की स्थिति में किसी प्रकार का सुधार न होने के कारण क्षेत्रवासियों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
सरायपाली से सरसीवां मार्ग विगत कई वर्षों से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बहुत अधिक शिकायत मिलने पर सड़क मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति कर दी जाती है और कुछ ही दिनों के बाद स्थिति पुनः जस-की-तस हो जाती है। बीते दिनों हुई बरसात के बाद से एक बार फिर इस मार्ग की स्थिति अत्यंत जर्जर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण दुपहिया वाहन चालकों के लिए सबसे अधिक खतरा बना रहता है। इसके अलावा चार पहिया वाहन भी हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं।
इस मार्ग पर बहुत बड़ी तादाद में भारी मालवाहक वाहनों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे अन्य वाहन चालकों को खतरे के साये में इस मार्ग से गुजरना पड़ता है। शहर के मुख्य मार्ग से पतेरापाली, एचपी गैस कार्यालय तक स्थिति सबसे अधिक खराब है। इस मार्ग पर कई शासकीय, अशासकीय विद्यालय व कॉलेज हैं, जिससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का आना-जाना लगा रहता है। प्रतिदिन इन विद्यार्थियों को खतरे के साये में गुजरना पड़ रहा है। बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।
*सीमेंट व्यापार के लिए है मुख्य मार्ग*
छत्तीसगढ़ में सीमेंट निर्माण कार्य के लिए आवश्यक रॉ मटेरियल के लिए विशाखापट्टनम - बलौदाबाजार का यह मुख्य मार्ग है। इस कारण रोज सैकड़ों मालवाहक गाड़ियां इस मार्ग से गुजरती हैं, जिसमें रोड खराब होने के कारण जगह-जगह दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है।
*प्रशासन आखिर मौन क्यों?*
छत्तीसगढ़ राज्य के जीडीपी में सीमेंट कारोबार का मुख्य हिस्सा है, जिसका कच्चा माल इसी मुख्य मार्ग से गुजरता है। इसके बावजूद क्षेत्रवासियों को आवाजाही में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहां तक जानकारी है, लगभग 16-18 साल हो गए हैं इस मुख्य मार्ग को बने हुए, तब से आज तक रोड ठीक से क्यों नहीं बन रहा है, यह बड़ा सवाल है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!