✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज रिपोर्टर - गौतम रंगारी ब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा)
*गीदम के प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने, आवारा पशुओं की रोकथाम और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ विकसित करने के निर्देश*
दंतेवाड़ा, 18 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार तथा आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की गई।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समन्वित प्रयास करने और आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से गीदम क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करने तथा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क पर आवारा पशुओं की मौजूदगी और अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, इसलिए संबंधित विभाग इस दिशा में नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक स्थानों पर फुटपाथ विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के दुर्घटना संभावित स्थलों का चिन्हांकन कर उनका निरीक्षण करने तथा वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही स्कूलों के आसपास विशेष सतर्कता बरतते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने और विद्यार्थियों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।उन्होंने यातायात नियमों के पालन के लिए आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों के बीच नियमित जागरूकता अभियान संचालित करने पर भी बल दिया। कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क पर सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके औ
र आम नागरिकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित हो सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह, अपर कलेक्टर श्री भरतराम ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र खुटे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!