✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल्यों को अपनाने का दिया संदेश, जिलेभर के शासकीय कार्यालयों में हुए आयोजन
महासमुंद, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर महासमुंद जिले में संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया गया। राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सहित जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान में निहित मूल आदर्शों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11 बजे किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक साथ संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
इसी क्रम में जिला पंचायत, स्वास्थ्य, राजस्व, कृषि, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पुलिस सहित विभिन्न विभागों तथा विकासखंड स्तरीय शासकीय कार्यालयों में भी संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सामूहिक पठन के माध्यम से आम नागरिकों और शासकीय सेवकों को संविधान के मूल सिद्धांतों न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के महत्व से अवगत कराने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ लोकतांत्रिक आदर्शों को अपने जीवन और कार्य व्यवहार में अपनाने की प्रेरणा देना रहा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!