*संरक्षा के 06 सजग प्रहरियों को मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन ने किया सम्मानित*
*सजगता और सतर्कता से संभावित घटनाओं को टालकर सुनिश्चित की सुरक्षित रेल परिचालन*
बिलासपुर - 25 अगस्त 2026
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में संरक्षित रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट सजगता एवं सतर्कता का परिचय देने वाले 06 रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन ने संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित रेलकर्मियों में सहायक लोको पायलट बिलासपुर श्री श्रीराम प्रजापति, ट्रेन मैनेजर बिलासपुर श्री राजीव कुमार, वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर शहडोल श्री अशोक कुमार यादव, लोको पायलट बिजुरी श्री बसंत कुमार बुधौलिया, ट्रैक मेंटेनर-IV चंदिया रोड श्री नारायण राम तथा ट्रैक मेंटेनर-IV झलवारा श्री अरुण कुमार शामिल हैं।
ड्यूटी के दौरान सहायक लोको पायलट श्री श्रीराम प्रजापति ने गाड़ी संख्या 12129 के एक कोच में आग से धुआं निकलते देखा और तत्काल अग्निशामक यंत्र से आग पर काबू पाकर ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया।
ट्रेन मैनेजर श्री राजीव कुमार एवं वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर श्री अशोक कुमार यादव ने मालगाड़ी के एक वैगन में हॉट एक्सल की पहचान कर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दी, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सकी।
लोको पायलट श्री बसंत कुमार बुधौलिया ने पाराडोल-मनेन्द्रगढ़ के मध्य रेलवे ट्रैक पर जेसीबी ट्रक को देखकर ट्रेन को सजगता से नियंत्रित कर सुरक्षित रोका तथा तत्काल संबंधितों को सूचना देकर संभावित दुर्घटना को टाला।
इसी प्रकार ट्रैक मेंटेनर श्री नारायण राम एवं श्री अरुण कुमार ने रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान रेल वेल्ड फ्रेक्चर की पहचान कर तत्काल PWI को सूचित किया और रेल परिचालन की संरक्षा सुनिश्चित की।
इन सभी रेलकर्मियों की सजगता, सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता से संभावित घटनाओं को समय रहते नियंत्रित कर सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन ने सभी संरक्षा प्रहरियों को पुरस्कार प्रदान कर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कर्मचारियों की ऐसी सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री के. श्रीनिवास, प्रभारी वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री दीपक ठाकुर एवं सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी श्री सी.एम.पी. बेक उपस्थित रहे।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़
Hamar pradesh CG
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!