✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर – किशोर कुमार
पुलिस ने शराब की बोतल और 2,300 रुपये नकद किए बरामद, लाइसेंस निलंबन/निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित
रायपुर। राजधानी रायपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर घोषित शुष्क दिवस के दौरान बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर बेचने का मामला सामने आया है। मौदहापारा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बार संचालक को पकड़ा है, जबकि सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मौके से शराब की बोतल और नकद राशि बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से शुष्क दिवस के बावजूद चोरी-छिपे शराब निकालकर बाहर बेची जा रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बार संचालक पलाश मल्होत्रा, पिता संदीप मल्होत्रा, उम्र 26 वर्ष को पकड़ा। उसके कब्जे से एक बोतल अंग्रेजी शराब और 2,300 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में आरोपी के खिलाफ धारा 223 BNS एवं धारा 34(1)(ब) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
गार्ड की भूमिका की भी जांच
बार संचालक के साथ सुरक्षा गार्ड की भूमिका को लेकर भी पुलिस ने जांच शुरू की है। गार्ड के खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
बार का लाइसेंस भी हो सकता है निलंबित
पुलिस के मुताबिक, प्लैटिनम बार द्वारा शासन के घोषित शुष्क दिवस के आदेश और आबकारी लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन के संबंध में आबकारी विभाग को अलग से प्रतिवेदन भेजा जा रहा है। इसके आधार पर बार के लाइसेंस के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
शुष्क दिवस के दौरान शराब की बिक्री का मामला सामने आने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई से बार संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!