✒️हमर प्रदेश छत्तीसगढ केशव साहू जिला ब्यूरो पत्रकार
छुरिया, राजनांदगांव।
छुरिया स्थित श्री राम कृष्ण हॉस्पिटल से जुड़े मामले में एक युवती ने मेडिकल स्टोर संचालक मिथलेश साहू पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर छुरिया थाना पुलिस ने मिथलेश साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता श्री राम कृष्ण हॉस्पिटल में नर्स/लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्य करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान मिथलेश साहू से हुई और दोनों के बीच बातचीत एवं प्रेम संबंध होने की बात शिकायत में कही गई है। पीड़िता का आरोप है कि मिथलेश साहू ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि बाद में युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, लेकिन आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। दोनों परिवारों के बीच बातचीत और बैठकों का भी शिकायत में उल्लेख किया गया है।
हॉस्पिटल परिसर में मेडिकल स्टोर का संचालन
बताया गया है कि मिथलेश साहू श्री राम कृष्ण हॉस्पिटल के संचालक के भाई हैं तथा हॉस्पिटल परिसर में मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं। शिकायत के बाद उनका नाम मामले में आरोपी के रूप में सामने आया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
छुरिया थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 64(2)(m), 69 एवं 127(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। छुरिया थाना प्रभारी अनुराग सोनवानी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी मिथलेश साहू की तलाश की जा रही है और वह फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है।
मामले में आरोपी के पिता का नाम प्रहलाद साहू, निवासी सीताबर्डी, छुरिया, जिला राजनांदगांव बताया गया है।
महत्वपूर्ण: यह समाचार पुलिस में दर्ज शिकायत और एफआईआर में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया एवं पुलिस जांच के बाद ही होगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!