Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

शहीदों को नमन, प्रतिभाओं का सम्मान और रातभर लोककला का धमाल! दुगली में ऐतिहासिक बना चिन्हारी महोत्सव 2026

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
5 Min Read 0 Comments
शहीदों को नमन, प्रतिभाओं का सम्मान और रातभर लोककला का धमाल! दुगली में ऐतिहासिक बना चिन्हारी महोत्सव 2026

ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी 

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज 

 

11वें संस्करण में कला, संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सेवा और व्यवसाय के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

 

धमतरी/नगरी/दुगली

वनांचल की लोक संस्कृति, परंपरा और प्रतिभाओं को सम्मान देने वाला बहुप्रतीक्षित ‘चिन्हारी महोत्सव 2026’ शुक्रवार को ग्राम दुगली में भव्य एवं गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ। क्षेत्र की आराध्य देवी माता अंगारमोती के प्रांगण में आयोजित इस समारोह में शहीदों को नमन करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।

माता अंगारमोती लोक कला संस्कृति विचार मंच एवं सेवा समिति दुगली के तत्वावधान में आयोजित यह सम्मान समारोह अपने 11वें वर्ष में पहुंचा। कार्यक्रम की शुरुआत माता अंगारमोती को पुष्प अर्पित कर समिति की पारंपरिक रीति के अनुसार की गई। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह, क्षेत्र के प्रथम शहीद निर्मल सिंह नेताम और भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

शहीद निर्मल सिंह नेताम के परिवार का हुआ सम्मान

 

समारोह में शहीद निर्मल सिंह नेताम की स्मृति को विशेष रूप से समर्पित सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहीद की धर्मपत्नी सोमवती नेताम सहित उनके परिवारजनों को साल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शहीद के योगदान और बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

 

इसके साथ ही सेवानिवृत्त सैनिक बसंत सिंह सोरी, ग्राम दिनकरपुर को सैनिक सम्मान प्रदान किया गया।

 

मेधावी विद्यार्थियों से लेकर खिलाड़ियों तक को मिला सम्मान

 

शिक्षा के क्षेत्र में वनांचल के प्रतिभावान विद्यार्थियों को ‘शहीद निर्मल सिंह नेताम प्रतिभावान छात्र सम्मान’ से सम्मानित किया गया। दसवीं कक्षा में प्रथम माधुरी नेताम ग्राम कौव्हाबाहरा एवं द्वितीय तरुणा कर्राघाटी तथा बारहवीं में प्रथम देवकुमार सराईटोला एवं द्वितीय चंद्रमणी ग्राम दलदली को सम्मानित किया गया।

 

खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भावेश सिन्हा, जयंत कुमार, साहिल कुमार, दीपेश कुमार, देवेश कुमार, सूर्या नेताम, राहुल कुमार, नरेंद्र कुमार, सांवनी कावड़े एवं वैशाली को भी सम्मान प्रदान किया गया।

 

पारंपरिक चिकित्सा और सामाजिक सेवा को भी मिली पहचान

 

स्वास्थ्य के क्षेत्र में स्थानीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को आगे बढ़ाने वाले दशरथ नेताम बांधा, खेमराज सेन दिनकरपुर एवं उत्तम ध्रुव मगरलोड को आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य पारंपरिक वैद्य सम्मान दिया गया।

 

वहीं स्वास्थ्य एवं सेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए ललिता बाई नेताम, कमितला बाई नेताम, भानबाई नेताम एवं अहिरा बाई मरकाम को मितानिन कार्यकर्ता सम्मान से सम्मानित किया गया।

 

जय मां बम्लेश्वरी स्व-सहायता समूह दुगली को आयुर्वेदिक एवं हर्बल उत्पादों के क्षेत्र में कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

 

किसान, व्यवसायी और पत्रकार भी हुए सम्मानित

 

व्यवसाय एवं कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए हीरा मरकाम को सफल कृषक एवं सफल व्यवसायी सम्मान दिया गया। वहीं मनीष मरकाम को रोजगार एवं व्यवसाय के क्षेत्र में सफलता के लिए सम्मानित किया गया।

 

पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए अभिनव अवस्थी एवं थारुण निषाद को सम्मान प्रदान किया गया।

 

लोककला और संगीत प्रतिभाओं का बढ़ाया हौसला

 

कला के क्षेत्र में जिला कांकेर की पाली उसेंडी को एल्बम कलाकार एवं वीडियो क्रिएटर के रूप में तथा जिला कोंडागांव के मकसुदन यादव ‘वायरल भांटो’ को उत्कृष्ट कला के लिए सम्मानित किया गया।

 

संगीत के क्षेत्र में जिला कांकेर के गीतकार अनिल सलाम को सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा ग्राम के वरिष्ठ बुजुर्गों को प्रेरणा सम्मान देकर उनके अनुभव और सामाजिक योगदान को सम्मानित किया गया।

 

रात में लोक संस्कृति पर आधारित डांस प्रतियोगिता

 

समारोह के दौरान रात्रि में छत्तीसगढ़ की लोक कला एवं संस्कृति पर आधारित राज्य स्तरीय डीजे डांस प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ ओडिशा से भी कलाकारों ने हिस्सा लिया।

 

सामूहिक नृत्य में अमर ज्योति डांस ग्रुप नवागांव कंचना प्रथम, चिन्हारी डांस ग्रुप भानपुरी कोंडागांव द्वितीय और सीजी ब्यास देवपुर कंडेल तृतीय रहे। युगल नृत्य में दिनेश-रीना डांस ग्रुप देवरी बालोद ने प्रथम स्थान हासिल किया।

 

एकल नृत्य में संगिता कोर्च धनतुलसी कांकेर प्रथम, मल्लिका रायगढ़ द्वितीय, मुस्कान साहू खपरी बालोद तृतीय और रवि कुमार राउरकेला, ओडिशा चतुर्थ स्थान पर रहे।

 

प्रतियोगिता में मयाराम टांडेश एवं मनहरण टांडेश ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि मंच संचालन आशीष नाग अमाली नगरी ने किया।

 

आयोजन ने दिया लोक संस्कृति और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संदेश

 

चिन्हारी महोत्सव 2026 ने दुगली की धरती पर शहीदों की स्मृति, लोक संस्कृति, सामाजिक सेवा और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को एक मंच पर जोड़ने का काम किया। आयोजन के माध्यम से ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का संदेश भी दिया गया।

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के संरक्षकों, पदाधिकारियों, सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com
Written by

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos