✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर कलावती
भिलाई। हाउसिंग बोर्ड चरोदा क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुआ मामूली मजाक विवाद में बदल गया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने कैब चालक के पेट पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल कैब चालक की शिकायत पर पुरानी भिलाई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय आरोपी अविनाश मगरवंशी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 की देर रात करीब 1:30 बजे कैब चालक डी. अनिवेश राव हाउसिंग बोर्ड चरोदा निवासी दुर्गेश पनागर के परिवार को उनके घर छोड़ने गया था। दुर्गेश के आग्रह पर कैब चालक खाना खाने के लिए घर पर रुक गया। इसके बाद दुर्गेश, उसका साला अविनाश मगरवंशी और कैब चालक अनिवेश साथ बैठकर शराब पीने लगे।
इसी दौरान अविनाश और अनिवेश के बीच किसी बात को लेकर मजाक हुआ, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गया। आरोप है कि अविनाश ने गाली-गलौज करते हुए किचन में रखे सब्जी काटने वाले धारदार हथियार से अनिवेश के पेट पर कई वार कर दिए। हमले में कैब चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध क्रमांक 519/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर राकुंका क्षेत्र से आरोपी अविनाश को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सना धारदार हथियार भी बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय यादव सहित पुरानी भिलाई थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आपसी विवाद के दौरान संयम बरतें, किसी भी परिस्थिति में हिंसा का सहारा न लें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!