बिलासपुर | सांस्कृतिक डेस्क
जहाँ हर रोज़ शब्दों की धार तराशी जाती है और जनसरोकार की बहसें चलती हैं, राघवेंद्र राव सभा भवन परिसर स्थित उसी प्रेस क्लब का माहौल बुधवार को पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया। प्रेस क्लब में विराजे प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश के दरबार में दिनभर भक्ति और उल्लास का तांता लगा रहा। दोपहर के महाप्रसाद से लेकर शाम की भव्य महाआरती तक, पत्रकारों के साथ शहर के सामाजिक ताने-बाने की खूबसूरत झलक यहाँ देखने को मिली।
भोग में घुली आत्मीयता: 200 से अधिक लोगों ने लिया प्रसाद
दोपहर के समय बप्पा को विशेष भोग अर्पण के बाद वृहद प्रसाद वितरण शुरू हुआ। इस दौरान क्लब परिसर में पत्रकार साथियों, शहरवासियों और आगंतुकों समेत 200 से अधिक लोगों ने पंगत में बैठकर श्रद्धापूर्वक भोग-प्रसाद ग्रहण किया।
शाम की महाआरती: मातृशक्ति की मौजूदगी ने बढ़ाया आयोजन का मान
शाम ढलते ही प्रेस क्लब परिसर 'गणपति बप्पा मोरया' और 'मंगलमूर्ति मोरया' के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। विधि-विधान से मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई संध्या आरती में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उपस्थित महिलाओं ने प्रेस क्लब की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया जगत का यह मंच सिर्फ खबरों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए समाज में आत्मीयता, सहभागिता और भाईचारे का पुल भी तैयार कर रहा है।
वरिष्ठ पत्रकारों से लेकर समाज के प्रबुद्धजन बने साक्षी
इस आध्यात्मिक संध्या में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा और कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव के साथ वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा, मोहन होनप, शिव कुमार तिवारी, सैय्यद जफर, शादाब खान व आदिदास मानिकपुरी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
वहीं विभिन्न सामाजिक मंचों का प्रतिनिधित्व करते हुए विमलनी गुप्ता, सुनीता सोनी, देवहुति धीवर, सोनल अग्रवाल, भूमिका रायल, नेहा राजपूत, राजीव शर्मा, गौरव धनकर, विक्रांत केसरवानी और देवश्री रायल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने आरती में शामिल होकर विघ्नहर्ता से शहर की सुख-समृद्धि की कामना की। आरती और स्तुति के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
✒️अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!