रायपुर। देशभर में शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने छोटी-छोटी डिब्बियों में शक्कर भरकर भाजपा के मंत्रियों, विधायकों और सांसदों को डाक के जरिए भेजी। इसके साथ ही उन्होंने शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर एक पत्र भी भेजा है।
‘त्योहारों को फीका कर रही सरकार’
विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि शक्कर और गुड़ की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है। उनका कहना है कि आने वाले त्योहारों के मौसम में महंगाई का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के बाद जन्माष्टमी, गणेश उत्सव और नवरात्रि जैसे प्रमुख त्योहार आने वाले हैं। ऐसे समय में शक्कर महंगी होने से त्योहारों की मिठास प्रभावित होगी।
एथेनॉल उत्पादन को बताया वजह
उपाध्याय ने दावा किया कि गन्ने का इस्तेमाल एथेनॉल उत्पादन में बढ़ने से शक्कर की उपलब्धता और कीमतों पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि शक्कर की कीमतें बढ़कर करीब 70 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है और गुड़ के दाम में भी तेजी आई है।
उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि महंगाई का असर सीधे आम आदमी के घरेलू बजट पर पड़ रहा है।
BJP जनप्रतिनिधियों को भेजी शक्कर
विकास उपाध्याय ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों और राज्यसभा सांसदों को शक्कर की छोटी डिब्बियां भेजी जा रही हैं। इन डिब्बियों के साथ शक्कर के बढ़े दाम को लेकर पत्र भी भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के साथ-साथ स्मृति ईरानी को भी शक्कर की डिब्बी और पत्र भेजा जा रहा है। उपाध्याय ने उनके पुराने चुनावी वादों का जिक्र करते हुए सरकार से महंगाई पर जवाब मांगा।
‘जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही’
पूर्व विधायक ने भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ भाजपा को बहुमत दिया था, आज वही जनता महंगाई से परेशान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम आदमी का जीवन मुश्किल हो रहा है। शक्कर की डिब्बियां भेजने के इस अनोखे विरोध के जरिए कांग्रेस ने सरकार से बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण की मांग की है।
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्टेट हेड रिपोर्टर — किशोर कुमार
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!