✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
मिठाई, पटाखे और दीपक पाकर खिले बच्चों के चेहरे, मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का दिया संदेश
भिलाई/चरोदा। दीपावली के पावन पर्व पर विश्व मानवाधिकार परिषद छत्तीसगढ़ की टीम ने सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए दादर स्थित चरोदा बस्ती में जरूरतमंद एवं गरीब बच्चों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान बच्चों को मिठाई, पटाखे और दीपक वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी गई।
यह पहल परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष (लीगल सेल) एवं राष्ट्रीय प्रभारी सुश्री एडवोकेट पायल पुपटानी के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर आयोजित की गई। परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बस्ती पहुंचकर बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें दीपावली की खुशियां बांटीं।
उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। बच्चों की मासूम मुस्कान ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि दीपावली केवल अपने घरों को दीपों से रोशन करने का त्योहार नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाना ही इस पर्व का वास्तविक संदेश है।
इस पुनीत पहल में विश्व मानवाधिकार परिषद के स्टेट प्रेसिडेंट कुलवंत सिंह, सुशील झा, नवल किशोर, के. अरुणा एवं गोपाल सरकार सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी और सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
परिषद की इस पहल के माध्यम से समाज में आपसी सहयोग, प्रेम, भाईचारे और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया गया। बच्चों के साथ खुशियां साझा कर टीम ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली खुशी दूसरों के चेहरों पर मुस्कान
लाने में है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!