✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
थाना परिसर के बाहर वाटर कूलर के पास हुआ हादसा, जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया घायल आरक्षक
रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय युवक रमेश ठाकुर की मौत हो गई। युवक को करंट की चपेट में आया देखकर उसे बचाने पहुंचे पुलिस आरक्षक गणेश भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए और झुलसकर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाटर कूलर के पास अचानक लगा करंट
जानकारी के मुताबिक, बिल्हा, जिला बिलासपुर निवासी रमेश ठाकुर किसी काम से विधानसभा थाना आया था। इसी दौरान थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास पहुंचते ही वह करंट की चपेट में आ गया। तेज विद्युत प्रवाह के कारण रमेश मौके पर ही गिर पड़ा।
बचाने पहुंचे आरक्षक भी आए चपेट में
युवक को जमीन पर गिरा देखकर आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उसे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान बचाव के लिए पहुंचे आरक्षक गणेश भी करंट की चपेट में आ गए और झुलस गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हादसे के बाद थाना परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वाटर कूलर में करंट कैसे आया और विद्युत सुरक्षा व्यवस्था में क्या कमी थी, इसकी भी जांच की जा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!