जगदलपुर। फॉरेस्ट और होमगार्ड विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक हिस्ट्रीशीटर को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद की विभाग में अच्छी पहचान होने का दावा करता था और पीड़ितों का भरोसा जीतने के लिए उन्हें वर्दी तक दिखाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कृष्ण कुमार वैष्णव (38), निवासी आड़ावाल ने फॉरेस्ट और होमगार्ड विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर प्रार्थी नीरबत्ती कश्यप समेत अन्य लोगों से फोन-पे और नकद के जरिए रकम ली। पुलिस ने अब तक सामने आई शिकायतों के आधार पर कुल 8.95 लाख रुपये की ठगी का उल्लेख किया है।
रकम लेने के बाद मोबाइल बंद कर हुआ फरार
आरोप है कि नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर रकम लेने के बाद कृष्ण कुमार ने अपना मोबाइल बंद कर दिया और फरार हो गया। पीड़ितों की शिकायत के बाद कोतवाली थाने में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। सूचना के आधार पर पुलिस ने आड़ावाल स्थित उसके घर पर दबिश देकर कृष्ण कुमार वैष्णव को हिरासत में लिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने नौकरी लगाने के नाम पर और कितने लोगों से रकम ली है तथा इस ठगी में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।
✍️ किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर हमर प्रदेश
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!