✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
खैर-तेंदू की अवैध कटाई कर गोदाम में किया जाता था भंडारण, फर्जी ट्रांसपोर्ट परमिट के जरिए दूसरे राज्यों में भेजने का आरोप
रायगढ़। जिले के वन क्षेत्रों में खैर और तेंदू प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई, भंडारण और दूसरे राज्यों में तस्करी से जुड़े एक बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट का वन विभाग और रायगढ़ पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों रोहित मित्तल, मनीष अग्रवाल और सलाउद्दीन खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, वाहन मालिक भरत कुमार मेश्राम फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
जांच के अनुसार धरमजयगढ़, घरघोड़ा और तमनार वन परिक्षेत्र के आसपास ग्रामीणों को पैसों का लालच देकर कथित तौर पर पेड़ों की अवैध कटाई कराई जाती थी। इसके बाद लकड़ियों को ट्रैक्टर और पिकअप के जरिए जामटीकरा (गढ़उमरिया) स्थित एक गोदाम में लाकर जमा किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, गोदाम को रोहित मित्तल ने किराए पर लिया था। यहां लकड़ियों की छिलाई और अन्य प्रक्रिया के बाद उन्हें अपने सहयोगी मनीष अग्रवाल तथा ट्रांसपोर्ट से जुड़े भरत मेश्राम और सलाउद्दीन खान के माध्यम से दूसरे राज्यों में भेजे जाने का आरोप है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि लकड़ियों की आवाजाही को वैध दिखाने के लिए कथित तौर पर फर्जी ट्रांसपोर्ट परमिट (टीपी) का इस्तेमाल किया जाता था।
5 मई 2025 को वन विभाग ने मारा था छापा
मामले की शुरुआत मई 2025 में हुई, जब वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को गढ़उमरिया स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से खैर और तेंदू लकड़ी जमा किए जाने की सूचना मिली थी।
5 मई 2025 को वन विभाग की टीम ने जामटीकरा (गढ़उमरिया) स्थित गोदाम में छापेमार कार्रवाई की। मौके से ट्रक क्रमांक CG-15-DV-7577 में लदे तेंदू प्रजाति के 42 लट्ठे, जिनकी मात्रा 1.731 घन मीटर बताई गई, बरामद किए गए।
इसके अलावा गोदाम से तेंदू एवं खैर प्रजाति के 146 लट्ठे (6.741 घन मीटर), 9 चट्टा जलाऊ लकड़ी, एक कटर मशीन, एक वजन मशीन, दो कुल्हाड़ी और एक हथौड़ा जब्त किया गया था।
कार्रवाई के दौरान रोहित मित्तल और उसके साथी मौके से फरार हो गए थे। आरोपियों की ओर से लकड़ियों के परिवहन से संबंधित ट्रांसपोर्ट परमिट प्रस्तुत किया गया था। जांच के दौरान उक्त टीपी पर संबंधित वन परिक्षेत्र अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं पाए गए, जिसके बाद दस्तावेज के फर्जी होने का संदेह सामने आया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
वन विभाग की जांच में मामला संगठित और बड़े स्तर पर संचालित अवैध कारोबार से जुड़ा प्रतीत होने के बाद डीएफओ रायगढ़ के निर्देश पर वन क्षेत्रपाल संजय लकड़ा के माध्यम से 2 सितंबर 2026 को थाना जूटमिल में आवेदन दिया गया।
इसके आधार पर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 490/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2), 3(5), 111 तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 42 सहपठित धारा 41 और 52 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
एसएसपी ने गठित की विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की।
टीम ने आरोपियों की भूमिका और लकड़ी तस्करी के नेटवर्क की कड़ियों की जांच की। पुलिस के अनुसार विवेचना में सामने आया कि रोहित मित्तल ने गोदाम किराए पर लेकर लकड़ियों के अवैध भंडारण और प्रसंस्करण की व्यवस्था की थी। मनीष अग्रवाल के साथ मिलकर लकड़ियों को दूसरे राज्यों में भेजने की व्यवस्था की जाती थी।
जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने रोहित मित्तल, मनीष अग्रवाल और सलाउद्दीन खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वहीं भरत कुमार मेश्राम की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. रोहित मित्तल, पिता सुभाष मित्तल, निवासी अग्रसेन कॉलोनी, विकास नगर, कोतरा रोड, रायगढ़।
2. मनीष अग्रवाल, पिता राधेश्याम अग्रवाल, निवासी मकान नंबर 72/1, मुड़पार, बलौदाबाजार।
3. सलाउद्दीन खान, पिता इलाउद्दीन खान, निवासी सरसींवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़।
जब्त सामग्री
ट्रक CG-15-DV-7577 में लदे तेंदू के 42 लट्ठे — 1.731 घन मीटर
- तेंदू एवं खैर के 146 लट्ठे — 6.741 घन मीटर
- जलाऊ लकड़ी — 9 चट्टा
- एक वजन मशीन
- दो कुल्हाड़ी
- एक हथौड़ा
- एक कटर मशीन
फरार आरोपी की त
लाश और मामले की विस्तृत विवेचना पुलिस द्वारा जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!