स्टेट रिपोर्टर - मनोज भट्ट हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
लोहंडीगुड़ा में इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर ब्रीडिंग सेंटर बना आजीविका की नई राह
15 किसानों को मिले 600 उन्नत चूजे
*जगदलपुर, 10 सितम्बर 2026/* ग्रामीण अंचल में स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन की दिशा में इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर परियोजना अब धरातल पर बदलाव ला रही है। लोहंडीगुड़ा ब्लॉक में स्थापित ब्रीडिंग सेंटर ग्रामीण उद्यमिता और बैकयार्ड कुक्कुट पालन का सशक्त मॉडल बनकर उभरा है।
केंद्र में स्थानीय उद्यमी वैज्ञानिक पद्धति से एक दिन के नवजात चूजों की 15 दिनों तक विशेष देखरेख और ब्रूडिंग कर रहे हैं। इस दौरान नियंत्रित तापमान, समयबद्ध टीकाकरण और संतुलित आहार से चूजों की मृत्यु दर न के बराबर रखी जा रही है, जिससे चूजे स्वस्थ, रोग मुक्त और मजबूत बन रहे हैं।
इसी वैज्ञानिक प्रबंधन के तहत तैयार बैच से 15 स्थानीय किसानों को 600 स्वस्थ एवं टीकाकृत चूजों का वितरण किया गया है। किसानों को चूजों के साथ फीडर और ड्रिंकर भी दिए गए हैं।
पहले एक दिन के नाजुक चूजों के पालन में किसानों को भारी जोखिम और मृत्यु दर का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब 15 दिन के मजबूत चूजे सीधे गांव में ही मिलने से उनका आर्थिक जोखिम घट गया है और देखरेख आसान हो गई है।
इस नवाचार से महिला किसानों को गांव में ही टीकाकृत चूजे मिलने से समय और परिवहन खर्च की बचत हो रही है, वहीं केंद्र संचालित करने वाले उद्यमी के लिए यह नियमित आय का जरिया बन गया है। तकनीक और स्थानीय उद्यमिता के इस तालमेल ने पारंपरिक बैकयार्ड पोल्ट्री को नई मजबूती दी है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर किया है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!