✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई। स्वच्छ और सुंदर भिलाई के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिला सफाई कर्मियों के सम्मान में नगर पालिक निगम भिलाई के मुख्य कार्यालय स्थित सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लायंस क्लब द्वारा निगम आयुक्त सुरूचि सिंह की उपस्थिति में निगम क्षेत्र में कार्यरत महिला सफाई कर्मियों को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सफाई कर्मियों को साड़ी भेंट करते हुए उनके समर्पण, मेहनत और सेवाभाव के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिला सफाई कर्मी प्रतिदिन सुबह से ही अपने कार्यक्षेत्र में पहुंचकर सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई में जुट जाती हैं।
लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों का योगदान केवल सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि वे स्वस्थ और स्वच्छ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे कर्मठ एवं समर्पित कर्मचारियों का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नगर पालिक निगम भिलाई प्रशासन ने भी महिला सफाई कर्मियों के कार्यों की सराहना की। निगम की ओर से कहा गया कि सफाई कर्मियों के अथक परिश्रम से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती है। उनके योगदान को प्रोत्साहित करने से कार्य के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ता है।
सम्मान समारोह के दौरान महिला सफाई कर्मियों में भी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने स्वच्छता कार्यों को और बेहतर तरीके से जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर लायंस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिला सफाई कर्मी उपस्थित रहीं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!