लाखों की नाली या भ्रष्टाचार का खेल? देवपुर में PWD निर्माण पर गंभीर आरोप, सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल!...
जयकिशन साहू... हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
*फोन पर शिकायत के बाद भी SDO-EE नहीं पहुंचे मौके पर, ठेकेदार नदारद, मुंशी बोला - "जैसा बताया वैसा कर रहे हैं", ग्रामीणों ने दी कलेक्टर तक जाने की चेतावनी*

*नगरी:-* लोक निर्माण विभाग (PWD) धमतरी, उपसंभाग नगरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवपुर में चल रहे लाखों रुपए के नाली निर्माण कार्य ने विभागीय भ्रष्टाचार की पोल खोलकर रख दी है। नियम-कायदों को ताक पर रखकर घटिया सामग्री का खुलेआम उपयोग किया जा रहा है, और विभागीय अधिकारी जानकर भी अनजान बने हुए हैं।
*एस्टीमेट में 20 MM, मौके पर जीरो गिट्टी और डस्ट*
विभागीय एस्टीमेट के अनुसार नाली की ढलाई 20 MM गिट्टी से होनी अनिवार्य है। लेकिन मौके पर ठेकेदार द्वारा 20 MM की जगह सस्ती जीरो साइज गिट्टी और डस्ट से ही पूरी ढलाई की जा रही है। डस्ट और जीरो से बनी नाली पहली तेज बरसात में ही दरक कर बह जाएगी।
*बेस भी सिर्फ आधा इंच का*
नाली का बेस भी बेहद हल्के मसाले से महज आधा इंच (1/2 इंच) ही डाला जा रहा है। बिना मजबूत बुनियाद के नाली कितने दिन टिकेगी, यह किसी से छुपा नहीं है।
*सरिया में भी हेराफेरी, 12 MM की जगह 8 MM*
जहां 10 से 12 MM का सरिया लगना चाहिए, वहां 8 MM का पतला सरिया उपयोग किया जा रहा है, वह भी लंबाई में करीब 10 इंच तक कम डालकर।
*ठेकेदार गायब, साइड मुंशी के भरोसे*
लाखों के काम का ठेकेदार खुद साइड पर नहीं आता। पूरा निर्माण मुंशी के भरोसे चल रहा है। पूछने पर मुंशी बोला - "ठेकेदार ने जैसा बताया है, हम उसी हिसाब से काम कर रहे हैं।"
*फोन पर SDO-EE को सूचना, न निरीक्षण, न निर्देश*
ग्रामीणों ने गुणवत्ताहीन कार्य की सूचना फोन पर PWD उपसंभाग नगरी के SDO और जिला धमतरी के EE को दी थी। लेकिन न तो SDO मौके पर जांच करने आए, न ही ठेकेदार को सुधार का निर्देश दिया गया।
*ग्रामीणों में आक्रोश, कलेक्टर तक जाने की चेतावनी*
ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग तत्काल ठेकेदार को नोटिस जारी कर मानक सामग्री से पुनः निर्माण करवाए। सुधार नहीं हुआ तो कलेक्टर धमतरी से लिखित शिकायत की जाएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!