✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज रिपोर्टर - गौतम रंगारी ब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा)
*कोटपा एक्ट-2003 के प्रावधानों की दी गई विस्तृत जानकारी, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश*
दंतेवाड़ा, 17 नवंबर 2026। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके के निर्देशानुसार जिले में पुलिस एवं प्रशासन विभाग के अधिकारियों के लिए एक दिवसीय संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य तंबाकू नियंत्रण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षित करना था।
इस प्रशिक्षण के दौरान कोटपा एक्ट-2003 (सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम) के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत धारा 4, 5, 6 (अ), 6 (ब) एवं धारा 7 की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंध, तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन एवं प्रचार पर रोक, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध तथा तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं पैकेजिंग से संबंधित नियमों की जानकारी प्रदान की गई।प्रशिक्षण में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से जिले में समय-समय पर तंबाकू उत्पादों के विक्रय एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही कार्रवाई के दौरान कोटपा एक्ट के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने, उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवश्यक प्रकरणों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।प्रशिक्षण में जिला नोडल अधिकारी राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. अमन सिंह, कार्यक्रम प्रबंधक प्रतीक सोनी, जिला सलाहकार अंकित सिंह, जिला प्रशिक्षण समन्वयक संतोष पटेल एवं डॉ. घनश्याम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!