✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा नई राष्ट्रीय टीम के ऐलान के बाद अब राज्यों में संगठनात्मक बदलाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ भाजपा में भी प्रदेश प्रभारी बदले जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में छत्तीसगढ़ के संभावित प्रदेश प्रभारी के तौर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, गजेंद्र पटेल और हरीश द्विवेदी के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं।
स्मृति ईरानी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में
संभावित प्रदेश प्रभारी के तौर पर स्मृति ईरानी का नाम सबसे अधिक चर्चा में है। राष्ट्रीय राजनीति और संगठन में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी मिलने की संभावना को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव में उनकी भूमिका और पंजाब में आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति में उनकी सक्रियता को भी इस चर्चा से जोड़कर देखा जा रहा है।
सुनील बंसल भी संभावित नाम
राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल का नाम भी छत्तीसगढ़ के संभावित प्रभारी के तौर पर सामने आ रहा है। संगठन विस्तार और चुनावी प्रबंधन में लंबे अनुभव के लिए पहचाने जाने वाले बंसल ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें दोबारा राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे में उनके अनुभव को देखते हुए छत्तीसगढ़ जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा भी है।
गजेंद्र पटेल और हरीश द्विवेदी के नाम भी चर्चा में
संभावित चेहरों में गजेंद्र पटेल और हरीश द्विवेदी के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। दोनों को नई राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। पार्टी राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए अनुभवी नेताओं को प्रदेशों की जिम्मेदारी सौंप सकती है।
प्रदेश प्रभारी की भूमिका होगी अहम
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार होने के कारण प्रदेश प्रभारी की भूमिका राजनीतिक और संगठनात्मक दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती है। नए प्रभारी के सामने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने और आगामी चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने की चुनौती होगी।
फिलहाल स्मृति ईरानी, सुनील बंसल, गजेंद्र पटेल या हरीश द्विवेदी में से किसी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इन नामों को अभी संभावित चेहरों के तौर पर ही देखा जा रहा है।
यदि प्रदेश प्रभारी में बदलाव होता है, तो नए प्रभारी के सामने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार के साथ संगठनात्मक तालमेल मजबूत करने के साथ-साथ आगामी चुनावी रणनीति को धार देने की अहम जिम्मेदारी होगी। भाजपा के लिए राज्य की सभी 11 लोकसभा सीटों पर अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखना भी महत्वपूर्ण लक्ष्य रहेगा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!