Tuesday, September 29 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

राष्ट्रीय आयुष मिशन से गांव-गांव तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं

hetram@hamarpradeshcg
hetram@hamarpradeshcg
10 Views 5 Min Read 0 Comments
Chhattishgarh local news
Chhattishgarh local news

✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

 

राष्ट्रीय आयुष मिशन से गांव-गांव तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं

 

14 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सेवाओं का विस्तार, मोबाइल मेडिकल यूनिट से दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच और परामर्श

 

महासमुंद, 25 सितंबर 2026/ राष्ट्रीय आयुष मिशन के माध्यम से महासमुंद जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों तक आयुष चिकित्सा सेवाओं की पहुंच लगातार मजबूत हो रही है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को स्वस्थ जीवनशैली, रोगों की रोकथाम और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य परामर्श एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

 

जिले में 14 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन एवं विस्तार किया गया है। मिशन के अंतर्गत इन संस्थाओं में 12 चिकित्सकों एवं 08 स्टाफ की सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वर्ष 2023 से अब तक आयुष ओपीडी एवं विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से नागरिकों को चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

 

योग से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

 

जिले के 16 केंद्रों में योग एवं स्वास्थ्य संवर्धन गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। यहां 02 योग चिकित्सकों और 14 योग प्रशिक्षकों की सेवाएं ली जा रही हैं। लोगों को योग, संतुलित आहार-विहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करते हुए रोगों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य संवर्धन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

 

आयुष विंग में पंचकर्म जैसी विशिष्ट आयुर्वेदिक सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ ही आवश्यक औषधियों एवं उपकरणों की उपलब्धता में सुधार किया गया है।

 

मोबाइल मेडिकल यूनिट बनी दूरस्थ क्षेत्रों का सहारा

 

राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित आयुष मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ एवं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों वाले क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। मोबाइल यूनिट द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, आयुष औषधियों का वितरण तथा स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाती हैं। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को अपने आसपास ही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।

 

गर्भवती महिलाओं से विद्यार्थियों तक स्वास्थ्य जागरूकता

 

सुप्रजा कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को आयुष आधारित स्वास्थ्य परामर्श दिया जा रहा है। वहीं विद्यालयों में संचालित आयुर्विद्या कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को योग, स्वस्थ जीवनशैली, उचित आहार-विहार एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।

 

जिला चिकित्सालय महासमुंद में एनसीडी सेवाओं के साथ समन्वय करते हुए मधुमेह, उच्च रक्तचाप सहित अन्य जीवनशैली जनित बीमारियों के प्रति जागरूकता और आयुष आधारित स्वास्थ्य परामर्श भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी विशेष फोकस

 

आयुष विभाग द्वारा जिले के 05 विकासखंडों में ऑस्टियोआर्थराइटिस एवं मस्कुलोस्केलेटल डिसॉर्डर के प्रति जागरूकता, स्क्रीनिंग एवं रोकथाम संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। वहीं वयोमित्र कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य एवं स्वस्थ वृद्धावस्था को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

बुजुर्गों में पुरानी बीमारियों, जोड़ों के दर्द एवं जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं के लिए आयुष ओपीडी, स्वास्थ्य परामर्श और जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया है। इस तरह राष्ट्रीय आयुष मिशन जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को गांव और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित कर रहा है।

hetram@hamarpradeshcg
Written by

hetram@hamarpradeshcg

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos