✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। राजधानी रायपुर में रेलवे स्टेशन के सामने संचालित सरकारी अंग्रेजी शराब दुकान में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। गंज थाना क्षेत्र में हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान लपटों की चपेट में आ गई। दुकान के अंदर रखा शराब और बीयर का बड़ा स्टॉक जलकर नष्ट हो गया।
आधी रात के बाद लगी आग, आसपास के होटल कराए खाली
जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
आग की भयावहता को देखते हुए एहतियात के तौर पर आसपास स्थित होटल और अन्य प्रतिष्ठानों में मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया। इससे कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
चार घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद तड़के 5 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
आग बुझने के बाद दुकान के भीतर शराब और बीयर की जली हुई बोतलें तथा अन्य सामान बिखरा मिला। शुरुआती जानकारी में स्टॉक को लाखों रुपये का बताया जा रहा है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगा कारण
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है। आबकारी विभाग द्वारा दुकान में मौजूद स्टॉक का मिलान किया जाएगा। इसके बाद ही पता चल सकेगा कि कितनी शराब, बीयर और अन्य सामान आग में जलकर नष्ट हुआ।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!