रायपुर में सड़क धंसी, 14 चक्के का ट्रक गड्ढे में फंसा; बड़ा हादसा टला
Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

रायपुर में सड़क धंसी, 14 चक्के का ट्रक गड्ढे में फंसा; बड़ा हादसा टला

Admin
Admin
73 Views 5 Min Read 0 Comments
रायपुर में सड़क धंसी, 14 चक्के का ट्रक गड्ढे में फंसा; बड़ा हादसा टला

रायपुर में सड़क धंसी, 14 चक्के का ट्रक गड्ढे में फंसा; बड़ा हादसा टला

रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम के अमले और संबंधित ठेकेदार की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। शहर के व्यस्ततम अग्रसेन चौक, मंगलम भवन, समता कॉलोनी के सामने गुरुवार सुबह एक 14 चक्के वाला भारी ट्रक सड़क के बीच धंस गया। सड़क पर पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे की पर्याप्त पैकिंग और रिपेयरिंग नहीं किए जाने के कारण यह हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार, सड़क के बीच पाइपलाइन के काम के लिए कुछ समय पहले खुदाई की गई थी। काम पूरा होने के बाद गड्ढे को भरकर सड़क की मरम्मत तो की गई, लेकिन मौके पर सड़क की मजबूती को लेकर गंभीर लापरवाही बरती गई। इसी कमजोर हिस्से से जब भारी ट्रक गुजर रहा था, तभी सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया और ट्रक का पहिया गड्ढे में जा फंसा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब ट्रक सड़क के कमजोर हिस्से की ओर बढ़ रहा था, तब आसपास मौजूद लोगों ने ड्राइवर को आवाज देकर वाहन रोकने का प्रयास किया। लोगों ने खतरे की आशंका को देखते हुए ड्राइवर को आगे नहीं बढ़ने की चेतावनी भी दी, लेकिन ट्रक नहीं रुका। इसके बाद ट्रक पीछे की ओर ढलते हुए सड़क में बने गड्ढे में फंस गया।

हादसे के दौरान ट्रक तिरछा होकर खड़ा हो गया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि ट्रक की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर उस समय काफी संख्या में लोग मौजूद थे, ऐसे में यदि ट्रक पलट जाता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

फिलहाल ट्रक सड़क के बीचों-बीच तिरछी स्थिति में फंसा हुआ है। भारी वाहन के इस तरह असंतुलित अवस्था में खड़े होने से उसके कभी भी पलटने की आशंका बनी हुई है। इससे आसपास से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम और ठेकेदार के खिलाफ नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि व्यस्त सड़क पर पाइपलाइन के लिए खुदाई के बाद उसकी सही तरीके से पैकिंग और सड़क की मजबूती से मरम्मत की जानी चाहिए थी। यदि काम मानकों के अनुरूप किया गया होता तो भारी वाहन के गुजरते ही सड़क इस तरह धंसने की स्थिति नहीं बनती।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि सड़क की मरम्मत के बाद उसकी गुणवत्ता की जांच किस स्तर पर की गई और भारी वाहनों के आवागमन के लिए सड़क को सुरक्षित घोषित करने से पहले संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया था या नहीं।

घटना की सूचना के बावजूद खबर लिखे जाने तक पुलिस और नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच पाए थे। इस वजह से ट्रक को सुरक्षित तरीके से हटाने और मौके पर संभावित खतरे को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी थी।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क धंसने के मामले की जांच कराई जाए और पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क की पैकिंग व मरम्मत में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही ट्रक को तत्काल सुरक्षित तरीके से हटाकर सड़क की दोबारा तकनीकी जांच और मजबूत मरम्मत कराने की मांग की गई है

Admin
Written by

Admin

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos