Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

रायपुर में महिला की बेरहमी से हत्या: सिर और चेहरे पर सीमेंट पोल से वार, खून से सना टुकड़ा बरामद

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
55 Views 5 Min Read 0 Comments
रायपुर में महिला की बेरहमी से हत्या: सिर और चेहरे पर सीमेंट पोल से वार, खून से सना टुकड़ा बरामद

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

स्टेट हेड रिपोर्टर — किशोर कुमार

रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जुगेसर के उपरखार में 28 वर्षीय महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह महिला का शव घटनास्थल पर पड़ा मिला। उसके सिर, चेहरे, आंख और नाक पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। घटनास्थल के पास टूटे हुए सीमेंट पोल का एक टुकड़ा मिला, जिस पर खून के निशान थे।

प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि इसी सीमेंट पोल के टुकड़े से महिला के सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या की गई है। मामले में मंदिर हसौद थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान बसंती निषाद (28), पति सागर निषाद, निवासी ग्राम जुगेसर, थाना मंदिर हसौद के रूप में हुई है।

गुरुवार सुबह गांव के कोटवार विचार दास मानिकपुरी को किसन ढीढी ने जुगेसर उपरखार में महिला का शव पड़े होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोटवार घटनास्थल पर पहुंचा और शव की पहचान बसंती निषाद के रूप में की।

सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान

घटनास्थल पर महिला के सिर, चेहरे, आंख और नाक पर गंभीर चोट के निशान मिले। शव के आसपास खून फैला हुआ था। पास ही सीमेंट का पोल टूटा पड़ा था। उसके बड़े टुकड़े पर भी खून के निशान पाए गए।

परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला माना है।

सुबह सात बजे से पहले वारदात की आशंका

पुलिस के मुताबिक घटना गुरुवार सुबह करीब सात बजे से पहले होने की आशंका है। सूचना मिलने के बाद मंदिर हसौद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर मर्ग जांच शुरू की। जांच के दौरान चोट के कारण मौत होने की बात सामने आने के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की हत्या किस वजह से की गई और वारदात के पीछे कौन व्यक्ति या लोग शामिल हैं।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos