Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

रायपुर में नवजात की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा, तीन महिलाएं गिरफ्तार

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
5 Min Read 0 Comments
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार 

 

इलाज और मुफ्त प्रसव का झांसा देकर ओडिशा से गर्भवती महिला को बुलाया, डिलीवरी के बाद नवजात समेत बनाया बंधक

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर ओडिशा की एक गर्भवती महिला को रायपुर बुलाया। प्रसव के बाद नवजात बच्चे को बेचने की कोशिश की गई। महिला द्वारा इसका विरोध करने पर उसे बच्चे समेत बंधक बनाकर डराया-धमकाया गया। मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

मुफ्त इलाज का झांसा देकर बुलाया रायपुर

 

पुलिस के अनुसार, पीड़िता का गर्भावस्था के दौरान रायपुर निवासी कृतिका साहू से संपर्क हुआ था। कृतिका ने उसे निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का भरोसा दिलाया और रायपुर बुला लिया। यहां पहुंचने पर उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या से कराई गई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।

 

आरोप है कि तीनों महिलाओं ने पीड़िता की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश की। उन्होंने नवजात शिशु को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का लालच दिया। जब महिला ने अपने बच्चे को बेचने से साफ इनकार कर दिया तो उसे डराया-धमकाया जाने लगा।

 

प्रसव के बाद मां-बच्चे को बनाया बंधक

 

पीड़िता के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद आरोपियों ने उसे नवजात बच्चे समेत दोबारा अहिल्या के घर ले जाकर बंधक बना लिया। आरोपियों ने धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। महिला की सहमति के बिना नवजात को बेचने का प्रयास भी किया जा रहा था।

 

तीनों महिला आरोपी गिरफ्तार

 

पीड़िता की शिकायत पर आजाद चौक थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत अपराध दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के भी संकेत

 

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों की अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में संलिप्तता के संकेत मिले हैं। इसके बाद पुलिस संभावित नेटवर्क की जांच में जुट गई है। आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संलिप्त व्यक्तियों और पूर्व में हुई घटनाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

गिरफ्तार महिला आरोपियों के नाम:

 

1. कृतिका साहू (34 वर्ष), निवासी आमापारा रामकुंड, थाना आजाद चौक, रायपुर।

2. अहिल्या नामदेव (40 वर्ष), निवासी सीतानगर गोगांव, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।

3. गीतिका नाग (36 वर्ष), निवासी स्टोर पारा पुरैना, भिलाई-3, जिला दुर्ग।

 

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in अपराध.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos