✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। राजधानी रायपुर में घूम-घूमकर बाइक और स्कूटर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 9 दोपहिया वाहन, जिनकी कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे और बाद में उन्हें ओडिशा ले जाकर बेच देते थे। चोरी के वाहनों की पहचान छिपाने के लिए कुछ गाड़ियों पर ओडिशा पासिंग की फर्जी नंबर प्लेट भी लगाई जाती थी।
ऑटो डील दुकान पर एक्टिवा बेचने पहुंचा, पुलिस ने दबोचा
पुलिस को 20 अगस्त को सूचना मिली थी कि कोतवाली थाना क्षेत्र के मोतीबाग स्थित एक ऑटो डील दुकान पर एक व्यक्ति बिना दस्तावेज के एक्टिवा बेचने पहुंचा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
संदिग्ध की पहचान टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू के रूप में हुई। पुलिस द्वारा दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई कागज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान पहले उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर एक्टिवा को कोतवाली क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार कर लिया।
9 दोपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में टोपेश्वर ने रायपुर के आजाद चौक, न्यू राजेंद्र नगर, कोतवाली, सिविल लाइन, तेलीबांधा और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों से कुल 9 दोपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूल की।
उसने बताया कि चोरी के वाहनों को वह ओडिशा निवासी अपने दो साथियों को देता था। इसके बाद तीनों मिलकर चोरी की गाड़ियों को ओडिशा में बेचते थे।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ओडिशा पहुंची और भालूमुंडा में दबिश देकर सूजल मेहेर उर्फ करण और एक नाबालिग को पकड़ लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सभी 9 दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
6 वाहनों के संबंध में पहले से दर्ज थे मामले
पुलिस के अनुसार, बरामद 9 वाहनों में से 6 वाहनों के संबंध में रायपुर के कोतवाली, आजाद चौक, न्यू राजेंद्र नगर और खम्हारडीह थानों में पहले से अपराध दर्ज हैं। इन मामलों में धारा 303(2), 305 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई थी। जांच के दौरान धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचते थे चोरी के वाहन
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह चोरी की गाड़ियों की पहचान बदलने के लिए कुछ वाहनों पर ओडिशा पासिंग की फर्जी नंबर प्लेट लगाता था। इसके बाद इन वाहनों को दूसरे राज्य में बेचने की कोशिश की जाती थी।
पहले भी वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है टोपेश्वर
पुलिस के मुताबिक, टोपेश्वर साहू पहले भी वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है। वर्ष 2023 में रायपुर के अलग-अलग इलाकों से 10 दोपहिया वाहन चोरी करने के मामले में थाना न्यू राजेंद्र नगर से उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
होटल में वेटर की नौकरी के दौरान हुई थी मुलाकात
पुलिस जांच के अनुसार, टोपेश्वर की मुलाकात सूजल मेहेर उर्फ करण और नाबालिग से रायपुर के एक होटल में हुई थी। तीनों वहां वेटर का काम करते थे। कुछ समय बाद तीनों ने होटल की नौकरी छोड़ दी और आपस में मिलकर दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें बेचने का काम शुरू कर दिया।
9 दोपहिया वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 एक्टिवा, 1 स्प्लेंडर और 1 एसएस बजाज समेत कुल 9 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही चोरी के अन्य वाहनों और गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों के संबंध में भी पूछताछ एवं जांच की जा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!