✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। राजधानी रायपुर में त्योहारी सीजन के बीच महिला चोर गिरोह की सक्रियता ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस ने ऐसे गिरोहों पर नजर रखने के साथ ही प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।
ताजा मामला 18 अगस्त का है। बारिश के दौरान ई-रिक्शा से सफर कर रहीं समग्र शिक्षा की सहायक संचालक मंजु लता साहू के गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चेन चोरी हो गई। बताया जा रहा है कि उनके साथ ई-रिक्शा में करीब छह अन्य महिलाएं भी सवार हुई थीं। इसी दौरान भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर चेन चोरी किए जाने की आशंका है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध महिलाओं की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि त्योहारों के दौरान सक्रिय होने वाला महिला चोर गिरोह भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बना रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाजार, ई-रिक्शा, बस और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सफर करते समय अपने गहनों और कीमती सामान को लेकर विशेष सावधानी बरतें। भीड़ में अनजान लोगों से धक्का-मुक्की या संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत सतर्क हो जाएं और किसी भी घटना की जानकारी पुलिस को दें।
त्योहारी भीड़ में सावधानी ही सुरक्षा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!