रायपुर में ज्वेलरी दुकान की दीवार तोड़कर लाखों की चोरी का पर्दाफाश, दो महिलाओं समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर में ज्वेलरी दुकान की दीवार तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना टिकरापारा क्षेत्र के रावतपुरा स्थित श्री गुरू ज्वेलर्स में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 7.50 लाख रुपये कीमत की चोरी की मशरूका बरामद की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुड़िया की सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के महज 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दीवार तोड़कर दुकान में घुसे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी निमाई डोंडा की रावतपुरा कॉलोनी फेस-2, मठपुरैना में श्री गुरू ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 10 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7 बजे उन्हें दुकान में चोरी होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर दुकान की दीवार टूटी हुई मिली और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना टिकरापारा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 722/26 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हजारों CCTV फुटेज खंगाले
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे हजारों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। साथ ही पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों और हाल ही में जेल से बाहर आए संदिग्धों की भी जानकारी जुटाई गई।
लगातार जांच के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। इसके आधार पर पुरानी बस्ती निवासी आकांक्षा सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।
ऐसे रची गई थी चोरी की साजिश
आकांक्षा सोनी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उषा उर्फ सपना खुंटे, लोकेश राव उर्फ विकास, एम. मोहन राव उर्फ मोनी और मिराज आलम को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात का मास्टरमाइंड लोकेश राव उर्फ विकास और एम. मोहन राव थे। दोनों ने पहले ज्वेलरी दुकान की रेकी की और इसके बाद चोरी की योजना बनाई।
इस योजना में लोकेश की पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे, आकांक्षा सोनी और मिराज आलम को भी शामिल किया गया। घटना के दिन योजना के अनुसार एम. मोहन राव और मिराज आलम दुकान के अंदर दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जबकि लोकेश राव कुछ दूरी पर खड़ा होकर निगरानी करता रहा।
वारदात के बाद आरोपियों ने चोरी किए गए जेवरात आपस में बांट लिए थे।
करीब 7.50 लाख का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 2 किलोग्राम चांदी के जेवरात, सोने का लॉकेट, चोरी में इस्तेमाल किए गए दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में आरोपी एम. मोहन राव उर्फ मोनी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वह जीआरपी दुर्ग के हत्या के चार मामलों और चोरी के एक मामले सहित कुल पांच प्रकरणों में जेल जा चुका है। हत्या के एक मामले में वह 10 वर्ष की सजा भी काट चुका है।
वहीं लोकेश राव उर्फ विकास के खिलाफ जिला दुर्ग के भट्ठी थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। उसकी पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे भी पूर्व में थाना टिकरापारा के एक मामले में जेल जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- लोकेश राव उर्फ विकास, उम्र 35 वर्ष
- एम. मोहन राव उर्फ मोनी, उम्र 39 वर्ष
- मिराज आलम, उम्र 29 वर्ष
- उषा उर्फ सपना खुंटे, उम्र 32 वर्ष
- आकांक्षा सोनी, उम्र 26 वर्ष
72 घंटे में खुलासा, पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप
रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर इस वारदात का खुलासा किया। प्राथमिकी दर्ज होने के महज 72 घंटे के भीतर पांच आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की करीब 7.50 लाख रुपये की मशरूका बरामदगी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राजधानी में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
— hamarpradeshcg.com | रायपुर
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!