✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोगांव में उधारी और जुए के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 19 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे पटरी पर फेंक दिया गया और आरोपी ओडिशा के टीटलागढ़ भाग गए थे।
रेलवे पटरी पर मिला था शव
घटना के बाद सोमवार 17 अगस्त की सुबह गोगांव अंडरब्रिज के पास पुरानी रेलवे लाइन पर एक युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना पुलिस को मिली। गुढ़ियारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान छोटा अशोक नगर निवासी प्रीतम साहू (19) के रूप में की।
शुरुआत में मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का लग रहा था, लेकिन पंचनामा कार्रवाई के दौरान पुलिस को मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका पर जांच शुरू की।
पांच हजार रुपये की उधारी और जुए के पैसों को लेकर विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि निखिल ध्रुव (20) ने प्रीतम साहू से पांच हजार रुपये उधार लिए थे। रकम वापस नहीं करने पर प्रीतम लगातार निखिल से पैसे मांग रहा था। इसके अलावा जुए के पैसों के लेनदेन को लेकर भी दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, रविवार 16 अगस्त की रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रीतम पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद शव रेलवे पटरी पर फेंका
हत्या के बाद आरोपितों ने कथित तौर पर साक्ष्य छिपाने के लिए प्रीतम के शव को रेलवे पटरी पर छोड़ दिया, ताकि मामला ट्रेन हादसा लगे। इसके बाद वे ओडिशा के टीटलागढ़ भाग गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने निखिल ध्रुव (20), दीपक साहू (22) और नितिन प्रधान उर्फ सोमू (21) को गिरफ्तार किया है। इनके साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने पकड़ा है।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में हत्या की पूरी परिस्थितियों और घटना में शामिल अन्य भूमिकाओं की जांच जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!