✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। गणेश उत्सव के दौरान राजधानी में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को यातायात सभागार, कालीबाड़ी में पुलिस अधिकारियों और गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शहर की करीब 50 गणेश उत्सव समितियों के लगभग 100 पदाधिकारी शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने उत्सव समितियों को पंडाल निर्माण और विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
📹 पंडाल में CCTV और फायर एक्सटिंग्विशर जरूरी
पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गणेश पंडालों में CCTV कैमरे और फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाली समितियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
पंडाल के लिए सुरक्षित और उपयुक्त स्थान का चयन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों से अनुमति एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना अनिवार्य होगा।
⚡ बिजली के तार और ट्रांसफार्मर से दूरी जरूरी
पुलिस ने समितियों को निर्देशित किया कि पंडाल ऐसी जगह नहीं बनाया जाए, जहां से बिजली के तार गुजर रहे हों या ट्रांसफार्मर बेहद नजदीक हो। पंडाल निर्माण के दौरान आग और विद्युत सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने होंगे।
🚫 विसर्जन झांकी में हथियार और ज्वलनशील सामग्री पर रोक
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान निकलने वाली झांकियों को लेकर भी पुलिस ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। झांकी में हथियार, ज्वलनशील पदार्थ और ऐसी किसी भी सामग्री के इस्तेमाल पर रोक रहेगी, जिससे कानून-व्यवस्था या आम लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो।
पुलिस प्रशासन ने गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि वे सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से उत्सव मनाएं। पुलिस की ओर से भी उत्सव के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!