✍ किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश
रायपुर। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा में ग्राहक के खाते से करीब 14 लाख 97 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक के ही उप प्रबंधक ने ग्राहक की जानकारी और सहमति के बिना फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म के जरिए मोबाइल नंबर बदलवाया और इसके बाद फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तुड़वाकर रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी।
जानकारी के अनुसार, बैंक की ग्राहक सुषमा कुमार के खाते में दर्ज मोबाइल नंबर को कथित तौर पर बिना उनकी अनुमति के बदल दिया गया। आरोप है कि उप प्रबंधक कुलदीप सिंह ने 17 जुलाई को फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म का इस्तेमाल कर खाते में दर्ज मोबाइल नंबर में बदलाव किया। नया मोबाइल नंबर किसी अन्य व्यक्ति के नाम से जुड़ा होने की बात सामने आई है।
मोबाइल नंबर बदलने के बाद खाते से जुड़ी बैंकिंग सुविधाओं और डिजिटल जानकारी तक अनधिकृत पहुंच हासिल करने का आरोप है। इसके बाद ग्राहक की फिक्स्ड डिपॉजिट को कथित तौर पर समय से पहले तुड़वाया गया और करीब 14.97 लाख रुपये दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।
मामला सामने आने के बाद बैंक स्तर पर जांच की गई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब फर्जी रिक्वेस्ट फॉर्म तैयार करने, मोबाइल नंबर बदलने, FD तोड़ने और रकम ट्रांसफर करने की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित फर्जीवाड़े में बैंक कर्मचारी के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे।
बैंकिंग व्यवस्था में अंदरूनी कर्मचारी की कथित संलिप्तता सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस डिजिटल रिकॉर्ड, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और दस्तावेजों की जांच के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!