✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने सोमवार को मंत्रालय में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में रायपुर में ई-बसों के जनसुविधा आधारित रूट तैयार करने, प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं को गति देने को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
स्कूल, कॉलेज और अस्पताल भी ई-बस रूट में होंगे शामिल
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-बसों के रूट केवल प्रमुख मार्गों तक सीमित न रहें, बल्कि शहर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों, स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों को भी रूट से जोड़ा जाए। इसका उद्देश्य शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना और अधिक से अधिक नागरिकों को ई-बस सेवा का लाभ पहुंचाना है।
PM आवास के निर्माण में तेजी के निर्देश
समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माणाधीन और लंबित आवासों की भी समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को 30 सितंबर तक निर्माणाधीन आवासों को पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं के लिए वित्तीय मॉडल पर जोर
बैठक में वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को परियोजनाओं के लिए ऐसा व्यवहारिक और टिकाऊ वित्तीय मॉडल तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे कचरे के बेहतर प्रबंधन के साथ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिल सके।
15वें वित्त आयोग के कार्यों में बेहतर प्लानिंग
प्रमुख सचिव ने 15वें वित्त आयोग की राशि से होने वाले विकास कार्यों में बेहतर प्लानिंग और गैप एनालिसिस पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए शहरों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। प्रमुख सचिव ने लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!