✍️ हमर प्रदेष छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कपड़ा कारोबारी के 53 लाख रुपये से भरे बैग की उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पूरी 53 लाख रुपये की नकदी बरामद करने का दावा किया है। वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इसके अलावा आरोपियों के तीन बैंक खातों को फ्रीज कराया गया है। यह घटना कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास हुई थी।
पुलिस के अनुसार, शैलेंद्र नगर निवासी किशोर बलवानी की पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। 9 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:40 बजे वह अपनी एक्टिवा से दुकान जाने के लिए घर से निकले थे। उनके वाहन के सामने वाले पायदान पर सफेद कपड़े के बैग में नकदी रखी हुई थी। करीब 11:45 बजे वह कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास अप्पू पान ठेला के सामने एक्टिवा खड़ी कर पान खाने चले गए।
कुछ देर बाद वापस लौटने पर उन्हें वाहन के पायदान पर रखा नकदी से भरा बैग गायब मिला। अज्ञात आरोपी बैग लेकर फरार हो चुके थे। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
एक सप्ताह तक की रेकी, फिर मौका देखकर उड़ाए 53 लाख रुपये
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले करीब एक सप्ताह तक कारोबारी की रेकी की थी। वे उसके घर से दुकान आने-जाने के समय और रोजमर्रा की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर को कारोबारी के घर से निकलते ही दोनों आरोपियों ने उसका पीछा किया और कटोरा तालाब के पास मौका मिलते ही नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
हजारों CCTV कैमरों के फुटेज से मिला सुराग
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों पर लगे हजारों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए।
पुलिस ने एक कैमरे से दूसरे कैमरे तक के फुटेज का क्रमवार विश्लेषण कर संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार कपड़े बदल रहे थे और CCTV कैमरों की निगरानी से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे।
तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान मनीष यदु (39) और कमलेश कुशवाहा (36) के रूप में की। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
गीजर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपाई थी नकदी
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपियों ने चोरी की रकम अपने घर में अलग-अलग स्थानों पर छिपा दी थी। नकदी का एक हिस्सा गीजर के अंदर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में रखा गया था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 53 लाख रुपये नकद बरामद किए। जांच में यह भी पता चला कि रकम का कुछ हिस्सा आरोपियों ने अपने तीन बैंक खातों में जमा कराया था। पुलिस ने इन खातों को फ्रीज करा दिया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मनीष यदु, पिता शत्रुघन लाल यदु, निवासी गुरु कृपा किराना स्टोर के पास, सेक्टर-2, डीडी नगर तथा कमलेश कुशवाहा, पिता शिवनाथ कुशवाहा, निवासी भारत माता स्कूल चर्च के पास, टाटीबंध शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, मनीष यदु के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मारपीट और जुआ एक्ट से संबंधित मामले दर्ज रहे हैं। वह इन मामलों में जेल भी जा चुका है। वर्ष 2012 में उसके खिलाफ आजाद चौक थाने में नकदी लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के मामले में भी कार्रवाई की गई थी।
वहीं, दूसरे आरोपी कमलेश कुशवाहा को भी पूर्व में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मारपीट से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस की इस कार्रवाई में 53 लाख रुपये की पूरी नकदी बरामद होने के साथ वारदात में इस्तेमाल वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।** मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!