रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक होटल के कमरे में प्रेमी युगल के बीच विवाद के बाद युवती की चाकू मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद युवक ने भी खुद का गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज के तीसरे तल पर बने कमरा नंबर 401 में हुई। 14 अगस्त को कृष्ण कुमार भारद्वाज और रिमन मंडावी होटल में ठहरे थे। दोनों ने होटल प्रबंधन को पहचान संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत कर नियमानुसार चेक-इन किया था।
बताया जा रहा है कि होटल के कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने कथित तौर पर रिमन मंडावी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती की मौत हो गई। इसके बाद युवक ने कथित रूप से अपने गले पर चाकू से वार कर आत्महत्या की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल कृष्ण कुमार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कृष्ण कुमार भारद्वाज वाराणसी जिले के मोहावन, दशनंतपुर गोसाई का निवासी बताया गया है, जबकि रिमन मंडावी मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है।
फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, होटल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
✍ किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर हमर प्रदेश
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!