✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। राजधानी रायपुर के डुमरतराई थोक मार्केट में दीपावली की देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते इसकी चपेट में तीन दुकानें आ गईं। हादसे में दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेशनरी को भारी नुकसान पहुंचा है। दुकानों में रखा स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी का लाखों-करोड़ों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, माना थाना क्षेत्र स्थित डुमरतराई अनाज मंडी में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकानों से उठती ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। इस दौरान कई धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, एसडीआरएफ और निजी प्लांटों की करीब 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव दल ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग की भयावहता को देखते हुए क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पूरी तरह बुझने और संबंधित विभागों की जांच के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन सामने आ सकेगा। वहीं, माना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस भीषण अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!