✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। जिले के आठ सरकारी स्कूलों को अब स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट स्कूल के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ शिक्षकों की कमी भी दूर की जाएगी।
इसके लिए जिला शिक्षा कार्यालय ने रिक्त पदों पर 25 शिक्षकों एवं अन्य शैक्षणिक पदों पर संविदा भर्ती का प्रस्ताव शिक्षा विभाग को भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद चयनित स्कूलों में आवश्यकता के अनुसार संविदा कर्मचारियों की नियुक्ति की जा सकेगी।
इन 8 स्कूलों का हुआ चयन
स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट स्कूल योजना के तहत रायपुर जिले के आठ स्कूलों का चयन किया गया है। इनमें—
- शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला देवरी, धरसींवा
- डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित शासकीय स्कूल
- पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में संचालित स्कूल
- शासकीय स्कूल मठपुरैना
- शासकीय स्कूल संजय नगर
- शासकीय स्कूल सरोरा, तिल्दा
- शासकीय स्कूल पोंड, अभनपुर
- शासकीय स्कूल भंडारपुरी, आरंग
शामिल हैं। प्रदेशभर में इस योजना के तहत 150 स्कूलों को विकसित किया जा रहा है।
विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता पर जोर
उत्कृष्ट स्कूलों में केवल भवन और सुविधाओं का विकास ही नहीं होगा, बल्कि शिक्षकीय संसाधनों को भी मजबूत किया जाएगा। नियमित शिक्षकों के साथ जहां पद रिक्त हैं, वहां संविदा के माध्यम से नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिला स्तर से भेजे गए प्रस्ताव में 25 पद शामिल हैं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
1,812 पदों पर होगी संविदा भर्ती
प्रदेश के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक संवर्ग के 1,812 पदों पर संविदा भर्ती की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) की ओर से भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया है।
इनमें प्रमुख पदों में 590 सहायक शिक्षक, विभिन्न विषयों के 515 व्याख्याता, 170 प्रयोगशाला सहायक, 104 वाणिज्य व्याख्याता, 106 अंग्रेजी शिक्षक, 60 ग्रंथपाल, 50 व्यायाम शिक्षक और 40 कंप्यूटर शिक्षक शामिल हैं।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में संभावित परीक्षा
चयन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी रहेगा। परीक्षा अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह में संभावित बताई गई है। ऑनलाइन आवेदन के लिए लिंक सितंबर 2026 में विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।
नोट: भर्ती से संबंधित पद, तिथियां और आवेदन प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक अधिसूचना को अंतिम मानें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!