
रायगढ़। कला और संगीत की नगरी रायगढ़ में ऐतिहासिक चक्रधर समारोह का भव्य आगाज हुआ। समारोह के पहले ही दिन रामलीला मैदान में सांस्कृतिक रंग देखने को मिला। पूरा परिसर छत्तीसगढ़ी लोकसंगीत की मिठास से सराबोर रहा।
शाम ढलते ही कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छत्तीसगढ़ी लोकधुनों और गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। दर्शक देर तक कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए।
पद्मश्री अनुज शर्मा की प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र
पहले दिन की सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण पद्मश्री अनुज शर्मा की सांगीतिक प्रस्तुति रही। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में छत्तीसगढ़ी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
उन्होंने प्रसिद्ध लोकगीतों के साथ अपनी फिल्मों के लोकप्रिय गीत भी प्रस्तुत किए। जैसे ही सुरों की महफिल सजी, पूरा रामलीला मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। दर्शक अपनी सीटों पर खड़े होकर गीतों की धुन पर झूमते नजर आए।
लोककला और संगीत की दिखी शानदार झलक
चक्रधर समारोह के पहले दिन की प्रस्तुतियों ने एक बार फिर रायगढ़ की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत को सामने रखा। लोकसंगीत, गीत और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया।
✍️रिपोर्टर अमित कुमार दोहरे हमर प्रदेश छत्तीसगढ़, रायपुर
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!