रायगढ़ में 200 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा शहर
रायगढ़, 14 अगस्त 2026। रिमझिम बारिश के बीच गुरुवार को रायगढ़ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। करीब 200 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली इस यात्रा में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी सहित बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा नटवर स्कूल से शुरू होकर बेटी बचाओ चौक, सुभाष चौक और अग्रसेन चौक होते हुए सिदूर पार्क पहुंची। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। ओवरब्रिज से पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया गया।
तिरंगे के साथ दिखी रायगढ़ की एकजुट तस्वीर
यात्रा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी देखने को मिली। स्कूली विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा और देशभक्ति संदेशों वाली तख्तियां लेकर हिस्सा लिया। बच्चों ने छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता, रवींद्रनाथ टैगोर, रानी लक्ष्मीबाई और भगत सिंह जैसे राष्ट्रनायकों का रूप धारण कर यात्रा को आकर्षक बना दिया।
बाजे-गाजे और देशभक्ति गीतों के बीच लोग कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते रहे। रिमझिम बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। करीब 200 फीट लंबे तिरंगे की छांव में उमड़ा जनसैलाब रायगढ़ की एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देता नजर आया।
शहीदों को नमन, प्रदर्शनी का किया अवलोकन
सिदूर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया तथा स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाई गई ‘हर घर तिरंगा’ और ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ सेल्फी बूथ पर फोटो भी खिंचाई।
युवाओं से बोले चौधरी—राष्ट्र निर्माण में लगाएं अपनी ऊर्जा
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व में देश का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत की भूमिका मजबूत हुई है, लेकिन इसके साथ नई चुनौतियां भी सामने आई हैं।
उन्होंने युवाओं से खुद को मजबूत बनाने और अपनी ऊर्जा, प्रतिभा एवं क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया। चौधरी ने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। तिरंगा यात्रा ने रायगढ़वासियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!