रायगढ़ की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय मंच पर बजा डंका: भारत को दिलाया कांस्य पदक, कलेक्टर ने किया सम्मानित
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की बेटियों ने विदेशी जमीन पर अपने शानदार खेल कौशल का लोहा मनवाते हुए देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला लैक्रॉस टीम ने सिंगापुर को करारी शिकस्त देकर कांस्य पदक (Bronze Medal) अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में रायगढ़ जिले के महलोई क्षेत्र की तीन होनहार खिलाड़ियों—सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया ने निर्णायक भूमिका निभाई।
सिंगापुर को हराकर जीता ब्रॉन्ज
टीम के कोच देवावतार चौधरी ने बताया कि टूर्नामेंट के कड़े मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने जबरदस्त खेल कौशल और जुझारूपन का परिचय दिया। कांस्य पदक के लिए हुए अहम मुकाबले में टीम ने सिंगापुर को मात देकर पोडियम पर अपनी जगह पक्की की।
कलेक्टर ने दी बधाई, आगे भी हर संभव मदद का भरोसा
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम लहराने के बाद तीनों खिलाड़ी अपने कोच के साथ कलेक्टोरेट पहुंचीं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने खिलाड़ियों का मुंह मीठा कराकर उन्हें इस शानदार उपलब्धि की बधाई दी। कलेक्टर ने कहा कि रायगढ़ के ग्रामीण अंचल की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने आश्वस्त किया कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग और उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस मुलाकात के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अभिजीत बबन पठारे एवं एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो भी मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों और कोच ने इस मुकाम तक पहुंचने में मिले प्रशासनिक सहयोग के प्रति आभार जताया।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!