✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
राज्योत्सव के मंच पर छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति का भव्य रंग, 21 प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मोहा मन
सुआ, पंथी, राउत नाचा, कर्मा और जशगीत की शानदार प्रस्तुतियों से गूंजा खेलभाठा मैदान, अतिथियों ने तालियों से बढ़ाया कलाकारों का उत्साह
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 3 नवंबर 2026। सारंगढ़ के खेलभाठा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के नाम रही। यहां आयोजित 21 रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकनृत्य से लेकर शास्त्रीय नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों तक कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में सुआ नृत्य, संभलपुरी नृत्य, कथक, ओडिशी, भरतनाट्यम, आदिवासी नृत्य, पंथी, राउत नाचा और कर्मा जैसी प्रस्तुतियों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर जीवंत कर दिया। खास बात यह रही कि अतिथियों ने दर्शक दीर्घा में बैठकर जिलेवासियों के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया और कलाकारों का तालियों से उत्साहवर्धन किया।
लोकनृत्य और शास्त्रीय प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों की प्रस्तुति से हुई। कन्या छात्रावास सारंगढ़ की छात्राओं ने पारंपरिक सुआ नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कु. अनुपा केशरवानी और अपेक्षा केशरवानी ने कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगढ़ की छात्राओं ने संभलपुरी नृत्य से मंच पर रंग जमाया।
मिशिका गुप्ता और आयुषी केशरवानी की ओडिशी प्रस्तुतियों ने शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक छटा बिखेरी। एल.पी. वैष्णव संगत के बजरंग चौहान की सितार-तबला जुगलबंदी ने संगीतप्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मां वैष्णवी संगीत महाविद्यालय के समूह कथक ने भी दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
### दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुति ने खींचा ध्यान
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदी के विद्यार्थियों ने आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया। बिलाईगढ़ के बेलटुकरी के जशगीत हाई स्पीड कार्यक्रम को दर्शकों ने खूब पसंद किया। प्रांजल दिव्यांग स्कूल के विद्यार्थियों की नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं सुभी दुबे की ओडिशी प्रस्तुति, कु. अलिशु सिदार का कथक और अनुराधा अग्रवाल का भरतनाट्यम दर्शकों के लिए यादगार रहे।
आदिवासी विकास विभाग के पंथी नृत्य और ग्राम छिंद के आदर्श ज्योति विद्या मंदिर के राउत नाचा ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकसंस्कृति की झलक दिखाई। सी.पी.एम. स्कूल के विद्यार्थियों ने नाटक प्रस्तुत कर सामाजिक संदेश दिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरमकेला के कर्मा नृत्य और अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास की छात्राओं के आदिवासी नृत्य ने कार्यक्रम में क्षेत्रीय संस्कृति की सुंदर छाप छोड़ी।
### सांसद राधेश्याम राठिया सहित जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी अजय बंजारे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अजय जवाहर नायक, पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर एवं श्री शमशेर सिंह सारथी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा श्री ज्योति पटेल, श्री सुभाष जलान, श्री द्वारिका साहू, श्री हरिनाथ खुटे, श्रीमती शिवकुमारी सिदार, श्री भुवन मिश्रा और श्री बेदराम जांगड़े भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक और सारंगढ़ एसडीएम श्री दशरथ राजपूत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
राज्योत्सव की यह सांस्कृतिक संध्या केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और नई पीढ़ी की प्रतिभा को सामने लाने का सशक्त अवसर बनी। 21 प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने अपनी कला और संस्कृति की ऐसी छटा बिखेरी, जिसे दर्शकों ने तालियों के साथ खूब सराहा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!