राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए बस्तर के पांच बाल वैज्ञानिक रवाना, डीओ अभयराम नोन्हारे ने दिया आशीर्वाद
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
जगदलपुर। बस्तर जिले के पांच बाल वैज्ञानिक राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (NCSC) प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए रवाना हुए। जिला शिक्षा अधिकारी अभयराम नोन्हारे ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बस्तर का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए रवाना होने वाले विद्यार्थियों में पलक सेठिया, सीमा भारती, प्रखर साहू, अजय कश्यप एवं सौरव बघेल शामिल हैं। इन बाल वैज्ञानिकों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच और शोध परियोजनाओं के दम पर राज्य स्तर तक पहुंचने का अवसर हासिल किया है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अभयराम नोन्हारे ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विज्ञान बच्चों में जिज्ञासा, तर्क-शक्ति, नवाचार और समस्याओं को समझने की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर बस्तर जिले को गौरवान्वित करेंगे।
विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के बस्तर जिला समन्वयक रियाज अली, अकादमिक समन्वयक गौतम देवांगन एवं शिक्षिका सुमिता नायडू राबत भी रवाना हुए। शिक्षकों एवं समन्वयकों ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उनका मान्य बढ़ाया और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
बाल वैज्ञानिकों की यह उपलब्धि बस्तर में वैज्ञानिक शिक्षा, शोध और नवाचार के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है। अब राज्य स्तरीय मंच पर ये विद्यार्थी अपनी परियोजनाओं और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के माध्यम से जिले की प्रतिभा का परिचय देंगे।
बस्तर के इन नन्हे वैज्ञानिकों से जिले को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!