✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
भिलाई। भिलाई की हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के कार्यालय और बलौदाबाजार स्थित यार्ड में राज्य जीएसटी विभाग की दो दिवसीय कार्रवाई के दौरान करीब 10 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी सामने आने का दावा किया गया है। विभाग की टीम ने 24 और 25 अगस्त को तलाशी अभियान चलाकर कंपनी से जुड़े कारोबारी दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं।
जीएसटी विभाग की जांच के दौरान पिछले करीब पांच वर्षों के दस्तावेजों को भी अपने कब्जे में लिया गया है। अब विभाग ने कंपनी के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह उर्फ ‘छोटू’ को समंस जारी कर 27 अगस्त को दुर्ग स्थित जीएसटी कार्यालय में दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
करीब 170 करोड़ का सालाना टर्नओवर
जानकारी के मुताबिक, हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी का सालाना टर्नओवर करीब 170 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। कंपनी से लगभग 1,500 ट्रक जुड़े हुए हैं। इनमें करीब 500 वाहन कंपनी के स्वयं के, जबकि लगभग 1,000 वाहन अटैच बताए जा रहे हैं।
इन वाहनों में बड़ी संख्या में ट्रक भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से जुड़े औद्योगिक परिवहन कार्यों में संचालित होने की जानकारी सामने आई है।
दस्तावेजों की जांच जारी
जीएसटी विभाग द्वारा जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद वित्तीय अनियमितताओं की वास्तविक प्रकृति और कर देनदारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल कंपनी के डायरेक्टर को समंस जारी कर दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होने की संभावना है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!