राजिम के शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता शिविर आयोजित
एसडीएम विशाल महाराणा ने विद्यार्थियों को दी मतदाता पंजीयन और मतदान के महत्व की जानकारी
विशेष अभियान के तहत जिले के सभी महाविद्यालयों में पात्र युवाओं से भरवाया जा रहा फॉर्म-6
गरियाबंद, 09 अक्टूबर 2026। मतदाता जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से राजिम के शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय में विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। विशेष अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया और मतदान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान राजिम के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) श्री विशाल महाराणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की अहम भूमिका होती है। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। जागरूक मतदाता अपने विवेक से प्रतिनिधि का चयन कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया को समझें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें। साथ ही उन्होंने नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए निर्धारित फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
शिविर में आवेदन करते समय आवश्यक जानकारी और दस्तावेज सही तरीके से प्रस्तुत करने के संबंध में भी विद्यार्थियों को समझाया गया। प्रशासन द्वारा विशेष अभियान के तहत जिले के सभी महाविद्यालयों में पात्र युवाओं का फॉर्म-6 भरवाया जा रहा है, ताकि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सके और वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
रिपोर्टर: टेमन लाल ध्रुव, गरियाबंद
hamarpradeshcg.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!