राजनांदगांव में हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, चाकू और पत्थर जब्त
राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू और पत्थर भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीयुष बाघमारे (24 वर्ष), निवासी राहुल नगर लखोली और दीपक वैष्णव (20 वर्ष), निवासी राजीव नगर लखोली के रूप में हुई है।
अस्पताल से लौटते समय रास्ते में हमला
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को प्रार्थी ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 10 सितंबर को आहत अपने साले की पत्नी की डिलीवरी के बाद उसे देखने पेंड्री अस्पताल गया था। वहां से लौटते समय दोनों अलग-अलग मोटरसाइकिल से लखोली स्थित ससुराल की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान लखोली बैगापारा मेन रोड पर शाम करीब 4:30 बजे आरोपी पीयुष बाघमारे, दीपक वैष्णव समेत अन्य युवकों ने रास्ता रोक लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इसके बाद चाकू और पत्थर से प्राणघातक हमला कर चोट पहुंचाने की बात रिपोर्ट में कही गई है।
घायल को उपचार के लिए तुलसी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, राजनांदगांव में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की गई।
पुलिस ने पतासाजी और घेराबंदी करते हुए पीयुष बाघमारे और दीपक वैष्णव को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों अजय वर्मा और करण साहू के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और पत्थर जब्त किया।
अपराध में संलिप्तता के सबूत मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
दो आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद दो अन्य आरोपी अजय वर्मा और करण साहू घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही गई है।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 533/26 के तहत धारा 109(1), 296, 351(3), 118(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
Report: Rahul Sinha | HamarPradeshCG.com
HamarPradeshCG.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!