✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
G238 ब्लैंक सिम, दो बायोमैट्रिक मशीन और 25 हजार रुपये नकद बरामद; पहले पांच आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
राजनांदगांव। जिले में फर्जी तरीके से मोबाइल सिम कार्ड एक्टिवेट कर बेचने के मामले में गैंदाटोला पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 238 नग जियो कंपनी के नॉन-एक्टिव सिम कार्ड, दो मोबाइल फोन, दो बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट मशीन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गैंदाटोला स्थित पोखन मोबाइल पीओएस संचालक द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी तरीके से सिम एक्टिवेट कर अन्य लोगों को बेचने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी है। इसी प्रकरण में बम्हनीभाठा निवासी 25 वर्षीय मनीष कुमार शांडिल्य घटना के बाद से फरार चल रहा था।
जियो कंपनी में काम करने के दौरान मिली जानकारी का किया दुरुपयोग
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पूर्व में जियो कंपनी में काम करता था। इसी दौरान उसे कंपनी की कार्यप्रणाली और तकनीकी सुविधाओं से संबंधित जानकारी मिली थी। आरोप है कि उसने इसी जानकारी और सुविधाओं का दुरुपयोग करते हुए फर्जी तरीके से सिम कार्ड एक्टिवेट किए और उन्हें अन्य लोगों को बेचकर अवैध रूप से धन अर्जित किया।
विशेष टीम गठित कर आरोपी को पकड़ा
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार साहू ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम लगातार आरोपी की पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को सोमनी से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पुलिस को फर्जी सिम कार्ड के एक्टिवेशन और बिक्री से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
संभावित धोखाधड़ी की भी जांच
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी सिम की खरीद-बिक्री में इस्तेमाल किए जा रहे दो मोबाइल फोन, 238 नग नॉन-एक्टिव जियो सिम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, दो फिंगरप्रिंट मशीन और सिम की खरीद-बिक्री से प्राप्त 25 हजार रुपये जब्त किए हैं।
आरोपी मनीष कुमार शांडिल्य को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों और फर्जी सिम कार्ड के माध्यम से की गई संभावित धोखाधड़ी के संबंध में आगे की विवेचना कर रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!