✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। राजधानी रायपुर में रेलवे ट्रैक पर लोहे का पाइप रखकर रेल आवागमन बाधित करने का गंभीर मामला सामने आया है। गोंदवारा ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के बीच रेलवे ट्रैक पर अज्ञात व्यक्ति ने करीब 7 फीट लंबा और डेढ़ इंच मोटा लोहे का पाइप रख दिया। इसी दौरान वहां से मालगाड़ी गुजर रही थी।
घटना 18 अगस्त की शाम करीब 5:20 बजे रेलवे ट्रैक के किलोमीटर नंबर 827/24 बी पर हुई। ट्रैक पर पाइप रखे होने की जानकारी सामने आने के बाद रेलवे अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई की, जिससे संभावित हादसा टल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी थाना रायपुर ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 174(सी) और 147 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।
गुढ़ियारी पुलिस से मांगा सहयोग
अज्ञात आरोपी की पतासाजी के लिए जीआरपी ने गुढ़ियारी थाना पुलिस से भी सहयोग मांगा है। घटनास्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रेलवे ट्रैक पर पाइप किसने रखा और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी।
रेलवे ट्रैक पर जानबूझकर किसी वस्तु को रखना बेहद गंभीर मामला है। इससे ट्रेन के पटरी से उतरने और यात्रियों तथा रेलवे कर्मचारियों की जान को खतरा हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!