✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ | स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं, मैनेजर और कर्मचारियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
रायपुर। राजधानी रायपुर में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों और नियमों के पालन की जांच को लेकर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को बड़े स्तर पर अभियान चलाया। पुलिस ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों की एक साथ जांच की। कार्रवाई के लिए 15 पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों सहित 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
ग्राहकों के रजिस्टर से CCTV तक की जांच
जांच अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों की उपलब्धता और रिकॉर्डिंग व्यवस्था की जांच की। इसके अलावा संचालकों, मैनेजरों और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन से संबंधित दस्तावेज भी खंगाले गए।
पुलिस ने कर्मचारियों की आयु संबंधी दस्तावेज, स्टाफ रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेखों की भी पड़ताल की। अधिकारियों के मुताबिक, जांच का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि स्पा सेंटर निर्धारित नियमों और आवश्यक प्रक्रियाओं के तहत संचालित किए जा रहे हैं या नहीं।
लीज और स्वामित्व के दस्तावेज भी खंगाले
पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में प्रतिबंधित अथवा संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की। इसके साथ ही परिसर की व्यवस्था, लीज और किराए से जुड़े दस्तावेज, स्वामित्व संबंधी कागजात तथा संचालन के लिए आवश्यक अनुमतियों की भी पड़ताल की गई।
दो सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इनमें थाना डीडी नगर क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और थाना पंडरी क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
आगे भी जारी रहेगी निगरानी
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर में संचालित स्पा सेंटरों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी। जांच के दौरान यदि किसी सेंटर में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
तीनों जोन में अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, यह सघन जांच अभियान पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तीनों जोन में चलाया गया।
गठित पुलिस टीमों का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा ने किया। पुलिस का कहना है कि शहर में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों, दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!