✍🏻 आशीष यादव ब्लॉक रिपोर्टर, हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ रतनपुर, जिला बिलासपुर
रतनपुर। पर्यटन स्थल चांपी बांध चपोरा में पर्यटकों को धारदार चाकू दिखाकर डराने-धमकाने की शिकायत पर रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मदनपुर क्षेत्र में नशाखोरी व अड्डेबाजी करते पाए गए चार अन्य आरोपियों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार 10 सितंबर 2026 को रतनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम चपोरा स्थित बांध के पास दो युवक धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले पर्यटकों को डरा-धमका रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी नीलेश पांडेय ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कराई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए योगेश कुमार (19 वर्ष), पिता सुरेश साहू, निवासी चपोरा तथा उपेंद्र जायसवाल (18 वर्ष), पिता गोरेलाल जायसवाल, निवासी चपोरा को पकड़ा। दोनों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मदनपुर चौक से 4 अन्य आरोपी भी पकड़े गए
इसी दिन पुलिस टीम ने ग्राम मदनपुर चौक में कार्रवाई करते हुए नशाखोरी और अड्डेबाजी कर रहे चार लोगों को पकड़ा। इनमें देवेंद्र कुमार दुबे (33 वर्ष), राहुल साहू (26 वर्ष), रामनारायण साहू (32 वर्ष) और शिवप्रसाद साहू (26 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने चारों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर तहसील न्यायालय में पेश किया।
पुलिस की सक्रियता से अपराधियों में हड़कंप
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी नीलेश पांडेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक निखिलेश यादव, आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे एवं देवानंद चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से रतनपुर थाना क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मचा है। वहीं, पर्यटन स्थलों पर आने वाले लोगों में भी सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता से भरोसा बढ़ा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!